छत्तीसगढ़

1. रायपुर में मकान बनाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, रकम वापस मांगने पर ‘अंडरवर्ल्ड डॉन’ के नाम से धमकी

रायपुर।   राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र में मकान के पुनर्निर्माण के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो उसे अंडरवर्ल्ड डान के नाम से धमकी दिलाई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

NIT कैंपस के सिक्यूरिटी अफसर ने दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार एनआईटी कैंपस में कार्यरत सिक्यूरिटी अफसर बलराम नायक ने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बलराम नायक ने पुलिस को बताया कि महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में उनके निजी मकान का पुनर्निर्माण कराया जाना था।

इसके लिए उन्होंने मेसर्स पुनिवर्सल ब्रिक्स के ठेकेदार दिनेश देवांगन को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी थी। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2024 से 2025 के बीच निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को करीब 20 लाख रुपये दिए गए।

पैसा लेने के बाद भी पूरा नहीं हुआ निर्माण

बलराम नायक का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद मकान का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। जब उन्होंने ठेकेदार से काम पूरा करने या फिर पैसे वापस करने की बात कही तो वह लगातार टालमटोल करता रहा।

काफी समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की।

अपराधी से फोन कराकर दी गई धमकी

शिकायत में बलराम नायक ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने पैसे वापस करने का दबाव बनाया तो ठेकेदार ने एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से उन्हें फोन करवाया। उस व्यक्ति ने खुद को अंडरवर्ल्ड डान छोटा शकिल और दाऊद इब्राहीम से जुड़ा बताते हुए उन्हें गोली मारने की धमकी दी और पैसा वापस नहीं मांगने की चेतावनी दी।

पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार ने कुछ लोगों की मदद से एक फर्जी इकरारनामा तैयार कर उस पर जबरन हस्ताक्षर कराने की भी कोशिश की। इसके साथ ही ब्लैकमेल करने का प्रयास भी किया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

डीडीनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button