सेवा, सम्मान और सांस्कृतिक रंग: विमतारा बना लायंस उत्सव का केंद्र

रायपुर। Lions Clubs International डिस्ट्रिक्ट 3233-सी द्वारा आयोजित भव्य “लायंस सेवा दिवस” समारोह रविवार, 22 फरवरी 2026 को विमतारा, शांति नगर, रायपुर में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे पुलिस बैंड स्टाइल वेलकम, रजिस्ट्रेशन, बैनर प्रेजेंटेशन, परेड और रिफ्रेशमेंट के साथ हुई। समारोह में बड़ी संख्या में लायंस सदस्यों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन डी. आर. वाधवानी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पी.एम.जे.एफ. लायन तिलोकचंद बरड़िया (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। साथ ही एम.जे.एफ. लायन रिपुदमन सिंह पुसरी (प्रथम उप डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) एवं लायन मनहर शाह (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि लायन तिलोकचंद बरड़िया ने समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लायन क्लब सदैव मानवता की सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने सदस्यों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया और रीजन-5 के अंतर्गत आने वाले क्लबों की सक्रियता की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती वर्णिका शर्मा ने बाल अधिकारों एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में लायंस क्लब की भूमिका को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि “लियो का सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों का संरक्षण एक स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है।” उनके प्रेरणादायी उद्बोधन ने उपस्थित सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार किया।
दोपहर बाद आयोजित अवार्ड-सम्मान सत्र कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
23 लायंस कपल्स ने आकर्षक रैंप वॉक प्रस्तुत की, जिसका नेतृत्व लायन रिपुदमन सिंह पुसरी एवं लायन पिपन्दर कौर पुसरी ने किया।
75 वर्ष से अधिक आयु के 22 वरिष्ठ लायंस सदस्यों को उनकी दीर्घकालीन सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले क्लबों एवं व्यक्तिगत सदस्यों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
विमतारा ग्राउंड्स में आयोजित लायंस परेड एवं बैनर प्रेजेंटेशन में तीन उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सम्मानित किया गया।
परेड के दौरान सदस्यों ने विविध आकर्षक वेशभूषा धारण कर समाज सुधार के संदेशों और सेवा कार्यों से जुड़े रंगीन प्लेकार्ड के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। लंच और हाई-टी सत्र ने आपसी सौहार्द और फेलोशिप को और मजबूत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन लायन सीमा युना, लायन अनिल पटेरिया और लायन सुनील छाबडिया के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में सेवा, एकता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और सशक्त किया।



