प्रेम, समर्पण और संस्कार की मिसाल: बरड़िया दंपति की 47वीं सालगिरह पर भावुक क्षण

रायपुर | 19 फरवरी 2026।
प्रतिष्ठित उद्यमी, समाजसेवी एवं एटी ग्रुप के संस्थापक श्री तिलोकचंद बरड़िया एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजुलता बरड़िया ने अपनी 47वीं वैवाहिक वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई। यह विशेष अवसर परिवारजनों, एटी ज्वेलर्स के स्टाफ तथा कार्यालय के सभी सहयोगियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
19 फरवरी 1979 को विवाह सूत्र में बंधे इस दंपति ने 47 वर्षों की अपनी वैवाहिक यात्रा में प्रेम, विश्वास और परस्पर सम्मान की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की है। समारोह के दौरान श्री बरड़िया ने अपनी धर्मपत्नी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा, “परिवार ही जीवन की नींव है और पत्नी का साथ हर सफलता का आधार। इन 47 वर्षों में उनके स्नेह, त्याग और सहयोग ने मुझे हर कठिनाई को पार करने की शक्ति दी।”
इस अवसर पर उनके दोनों पुत्र — श्री नितिन बरड़िया एवं श्री निकेश बरड़िया, पुत्रवधुएं तथा समस्त परिवारजन उपस्थित रहे। साथ ही एटी ज्वेलर्स के समस्त स्टाफ एवं कार्यालय के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री बरड़िया ने कहा, “यह परिवार केवल रक्त संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे सभी कर्मचारी और सहयोगी भी इस परिवार के अभिन्न अंग हैं। आप सबके आशीर्वाद और सहयोग से ही यह यात्रा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।”
कार्यक्रम के दौरान श्री बरड़िया ने समाज सेवा, व्यवसाय विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परिवार एवं समाज के सहयोग से वे भविष्य में भी विकास और सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे।
समारोह सौहार्द, आत्मीयता और पारिवारिक मूल्यों की सजीव झलक के साथ संपन्न हुआ।



