7. अमेरिकन कायला बनीं हिंदुस्तानी बहू, पेंड्रा के अंकित पर आया दिल, सात समंदर पार आकर की शादी

गौरेला पेंड्रा मरवाही : कहते हैं प्यार को सरहद भी नहीं रोक पाते,ऐसा ही कुछ देखने को मिला छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में जहां सात समंदर पार से दुल्हन आई है. अमेरिका में रहने वाली कायला ने भारतीय मूल के अंकित को अपना दिल दे दिया. इसके बाद दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाई और आखिरकार वैवाहिक बंधन में बंध गए.
कैसे हुई ये अनोखी शादी ?
मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक के मनोरम प्राकृतिक परिवेश में स्थित नर्मदे आनंदम रिसॉर्ट इस ऐतिहासिक विवाह का साक्षी बना. जहां भारतीय परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह अनोखा विवाह संपन्न हुआ. पेंड्रा के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी रमेश साहू के बेटे अंकित साहू उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वहीं एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में जॉब करने लगे. इसी दौरान अंकित की मुलाकात कायला से हुई, जो अमेरिका में मेकेनिकल इंजीनियर हैं और पार्ट्स डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम करती हैं. कामकाज के दौरान शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई. इसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवारों की सहमति से भारतीय रीति-रिवाजों के साथ विवाह करने का फैसला लिया.
अमेरिका से आया दुल्हन का परिवार
इस खास अवसर पर दुल्हन पक्ष से लगभग डेढ़ दर्जन परिजन और मित्र अमेरिका से भारत पहुंचे. विवाह समारोह पूरी तरह हिंदू परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें सात फेरे, मंत्रोच्चार और सिंदूर दान जैसी रस्में शामिल रहीं. भारतीय शादी की रंग-बिरंगी परंपराओं और संस्कारों ने विदेशी मेहमानों को खासा प्रभावित किया.
सोशल मीडिया पर शादी की चर्चा
शादी समारोह के दौरान स्थानीय लोग, रिश्तेदार और विदेशी मेहमान नवविवाहित जोड़े के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए. विवाह की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, यह पूरे गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में चर्चा का विषय बन गई. लोग अंकित और कायला की जोड़ी की सराहना करते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना कर रहे हैं. भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति अमेरिकी दुल्हन कायला का सम्मान और अपनापन स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बना हुआ है.



