2. CG Election 2023: कांकेर में BSF-DRG और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, AK47 बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

कांकेर. छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के बीच नक्सलियों ने सुकमा के बाद अब कांकेर में उत्पात मचाया है. जिले के बांदे इलाके में बीएसएफ और डीआरजी के जवान और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. इलाके की सर्चिंग के बाद टीम को मौके से AK47 भी मिला है. पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कुछ नक्सली या तो मारे गए हैं या जख्मी हुए हैं. फिलहाल इलाके में जवान सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं.
वहीं सुकमा जिले के दुरमा और बंडा के जंगलों में डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच फायरिंग हुई. बताया जा रहा है कि मतदान प्रभावित करने नक्सली आए थे. नक्सली पहले से ही चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक मतदान केंद्र के बाहर गार्डन में तैनात जवानों पर नक्सलियों ने फायरिंग की है.
सुकमा में आईईडी ब्लास्ट
इधर, मंगलवार को मतदान के पहले दिन सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित इलाके में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. तोंडामरका के पास हुए आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल हो गया है. कोबरा 206 बटालियन का जवान आईईडी का शिकार हो गया. जवान की टीम एरिया डोमिनेशन के लिए निकली थी, तभी ये ब्लास्ट हुआ. निरीक्षक श्रीकांत का पैर ब्लास्ट में जख्मी हो गया. घायल जवान का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. फिलहाल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
बीजापुर में भी नक्सली उत्पात
बीजापुर जिले के पदेडा के दक्षिण में फोर्स के जवान और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है. जवानों की टीम एरिया डोमिनेशन के लिए निकली थी. सीएसरपीएफ 85 वीं बटालियन और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. यहां 2 से 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिल रही है. फिलहाल जवान इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं.
वहीं सुकमा के लखापाल इलाके में भी मुठभेड़ की खबर मिल रही है. कोबरा बटालियन के जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो रही है. चिंतलनार थाना क्षेत्र में स्थित है लखापाल. यहां मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा के लिए जवानों की टीम लगी थी.



