Post Views: 49
इंदौर। करवाचौथ पर्व गुरुवार को मनाया जा रहा है। पति की लंबी उम्र और मंगल कामना से सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखा है और रात में चांद को अर्घ्य देकर व्रत पूरा करेंगी। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर इस बार विशेष योग बने हैं जो मंगलकारी होंगे। शहर में अनेक स्थानों पर पूजा के सामूहिक आयोजन किए गए हैं।
इस बार बुध स्वराशि कन्या राशि में रहेगा और सूर्य कन्या राशि में पहले से ही स्थित है इसलिए इस बार इन दोनों की युति बुधादित्य योग का निर्माण कर रही है, जो विशेष फलदायी होगी। इस दिन रोहिणी नक्षत्र शाम 6.41 बजे बाद आरंभ होगा जो पूरी रात रहेगा और चंद्रोदय रात 8.25 बजे होगा। करवाचौथ पर्व को लेकर शहर में विशेष उत्साह नजर आ रहा है। कोरोना महामारी के चलते बीते दो वर्षों में करवाचौथ पर वृहद आयोजन नहीं हुए लेकिन इस बार कई संस्थाओं द्वारा सामूहिक पूजन और उद्यापन कार्यक्रम होंगे।

ज्योतिर्विद् पं. कान्हा जोशी के अनुसार बुध और सूर्य की युति तो बुधादित्य योग का निर्माण कर ही रही है इसके साथ शनि और गुरु भी स्वराशि में हैं। शनि मकर राशि में और गुरु मीन राशि में विराजित है। इसके अलावा इस दिन कृतिका नक्षत्र शाम 6.41 बजे तक रहेगा और फिर रोहिणी नक्षत्र रहेगा। यह नक्षत्र चंद्रोदय से आरंभ होकर पूरी रात तक रहेगा जो चंद्रमा का ही नक्षत्र है। इस दिन भगवान गणेश का पूजन करते हुए उन्हें दूर्वा व लड्डू अर्पित करना चाहिए।
यहां भी होंगे आयोजन
जागृति महिला मंडल द्वारा बिचौली मर्दाना स्थित श्री वैष्णवधाम में करवाचौथ महोत्सव मनाया जा रहा है। यहां 1101 महिलाएं सामूहिक पूजन कर रही हैं। इस अवसर पर ‘कौन बनेगी श्रीमती करवाचौथ 2022″ स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी। दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम आरंभ होगा। संस्था की भावना अहलुवालिया, दीप्ति शर्मा, रचना गुप्ता व साक्षी दुआ ने बताया कि आयोजन में पर्व से संबंधित कई स्पर्धाएं होंगी। यहां भगवान शिव-पार्वती पर केंद्रित नृत्य नाटिका भी होगी। इसके अलावा यातायात के नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया जाएगा।इंदौर पंजाबी महिला विकास समिति द्वारा भी करवा चौथ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
श्री अग्रसेन महासभा द्वारा करवाचौथ पर निश्शुल्क उद्यापन कराया जा रहा है। इसमें 101 महिलाएं व्रत का उद्यापन करेंगी। पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को गीताभवन परिसर में महिलाओं ने मेहंदी लगाई और भजन-कीर्तन का आनंद लिया। राजेश बंसल और एसएन गोयल ने बताया कि गुरुवार को करवाचौथ पर्व शुभकारज गार्डन में मनाया जा रहा है। यहां 1300 महिलाओं को विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख समाजसेवी विनोद अग्रवाल भेंट भी देंगे।