10. बाइक खड़ी हाइवा में जा घुसी, दो दोस्तों की मौत के बाद गांव में छाया मातम

रायपुर : नगरी. बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वे अपने घर लौट रहे थे कि तभी एक ढाबा के पास सड़क में अव्यवस्थित ढंग से खड़ी हाइवा के अंदर घुस गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार की रात करीब 9 बजे की है। जिले के नगरी थानांतर्गत ग्राम अमाली निवासी युवक ऋषभ मंडावी पिता भगवान मंडावी और अभय नाग पिता पुनीतराम अपनी मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 05 एएम-4613 से आ रहे थे कि धमतरी-नगरी मार्ग स्थित डेविड ढाबा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनकी बाइक यहां सड़क मेे खड़ी हाइवा क्रमांक सीजी 04 एम-9048 में जा घुसे। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। उन्हें गंभीर अवस्था में नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया गया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उनके शवों को परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से उनके गृहग्राम में शोक की लहर पैदा हो गई।
चालकों की मनमानी
अक्सर देखा गया है कि इस मार्ग में आने वाले ढाबे तथा होटलों में हाइवा सहित अन्य वाहन चालक अपने वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा कर देते हैं। इंडीकेटर भी चालू नहीं करते। ऐसे में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं की जाती।



