छत्तीसगढ़
7. विदेशी नोट बदलने के नाम पर व्यापारियों से ठगे साढ़े 3 लाख, थमाया रद्दी से भरा बैग, 3 आरोपी गिफ्तार

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में विदेशी करेंसी बदलने के नाम पर व्यापारियों के साथ लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने 2 व्यापारियों को मलेशियाई करेंसी एक्सचेंज करने के नाम पर पैसे कमाने का लालच दिया. फिर मलेशियाई करेंसी की जगह चालाकी से कागज की रद्दी थमा दी और लाखों रुपए लेकर फरार हो गए. पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मला दुर्ग जिले के भिलाई के सुपेला थाना इलाके का है.
यहां 2 व्यापारियों को ठगों ने मलेशियाई करेंसी बदलने के नाम पर 3 लाख 50 हजार रुपए का चूना लगा दिया. ठग भिलाई स्थित राजू जैन की दुकान पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने कुछ सामान खरीदकर 50 रिंगित मलेशियाई करेंसी दी, तो दुकानदार ने उनसे भारतीय रुपए मांगे. इस पर उन्होंने दुकानदार को बातों में उलझा लिया. उन्होंने कहा कि 1 रिंगित की कीमत 17 भारतीय रुपए है. उनके पास 3.50 लाख के मलेशिया के नोट हैं. वे उन्हें बदलना चाहते हैं. अगर दुकानदार ने नोट बदलवा दिए तो उसे अच्छा लाभ मिलेगा
ठग लिए 3 लाख 50 हजार
पैसों के लालच में व्यापारी ठगों के झांसे में आ गया. उसने ये सारी बात अपने दोस्त को बताई और उससे भी कुछ पैसे लिए. इसके बाद दोनों व्यापारियों ने 3 लाख 50 हजार रुपए ले जाकर ठगों को दिए और उसके बदले में मलेशियाई नोटों से भरा बैग लिया. फिर जब घर पहुंचकर बैग खोला तो हैरान रह गए. उस बैग में कागज की रद्दी भरी हुई थी. इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. ठगी का पता चलने पर उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी.
तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब्दुल रउफ खान, साईफुल और आकाश मलिक को गिरफ्तार किया है. एएसपी संजय ध्रुव का कहना है कि मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जांच जारी है, जिसमें कितने लोगों को आरोपियों ने ठगा है, ये पता लगाया जा रहा है. पुलिस उनसे अन्य आरोपियों के जुड़े होने के एंगल से भी पूछताछ कर रही है.



