छत्तीसगढ़

मोदी ने बोला झूठ, म.प्र. में जाति जनगणना कराएगी कांग्रेस

एमडी आरिफ की रिपोर्ट……………..

भोपाल। कांग्रेस पार्टी ने ऐलान किया है कि मध्य प्रदेश में उसकी सरकार बनी तो वहां जातीय जनगणना कराई जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने खुद मंगलवार को राज्य के सागर में इस बात का ऐलान किया। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने सबसे पहले हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाल करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ा था और जीता। राजस्थान और हिमाचल में कांग्रेस की सरकारों ने इसे लागू कर दिया है। इसके अलावा भी खड़गे ने कांग्रेस की कई गारंटियों का ऐलान किया।  

उन्होंने सागर में कहा- मध्य प्रदेश में हमारी सरकार बनती है तो हम यहां जातीय जनगणना कराएंगे। इससे मालूम चलेगा कि राज्य में किस तबके के कितने लोग गरीब और पिछड़े हैं। यह भी सामने आएगा कि यहां कितने भूमिहीन लोग हैं। उन्होंने भाजपा पर अवैध तरीके से सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए कहा- भाजपा ने हमारे हमारे विधायक चुराकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाई है। ये नाजायज सरकार है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने चुनाव से पहले ऐलान किया कि कांग्रेस की सरकार पांच सौ रुपए में रसोई गैस का सिलिंडर देगी और महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए हर महीने दिए जाएंगे। कांग्रेस ने फ्री बिजली का भी ऐलान किया। 

प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाते हुए खड़गे ने कहा- मोदी जी को रविदास जी का मंदिर बनाने की याद अब इसलिए आई, क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। वोट लेने के लिए क्या करना है, वो काम मोदी जी हमेशा करते हैं, यहां भी करके गए। वे नौ साल से प्रधानमंत्री हैं। शिवराज सिंह भी 18 साल से हुकूमत कर रहे हैं। उन्होंने मणिपुर को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और कहा कि वहां तीन महीने से ज्यादा समय से हिंसा हो रही है लेकिन प्रधानमंत्री नहीं गए। 

खड़गे ने सागर के कजलीवन मैदान में कांग्रेस की रैली को संबोधित किया। यह बुंदेलखंड का इलाका है, जहां करीब 22 फीसदी दलित मतदाता हैं। इसे ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के  राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली सभा के लिए सागर को चुना गया। इससे पहले 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सागर में सभा कर चुके हैं। खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा- मोदी जी ने कहा 18 करोड़ नौकरियां दूंगा। नौकरियां दी क्या? 15-15 लाख हर एक के जेब में डालने का वादा किया था। मिले क्या? किसानों की आमदनी दोगुनी करने का कहा था। नहीं हुई। प्रधानमंत्री होकर झूठ बोल रहे। इन्होंने झूठ बोलकर वोट लिए। इस बार लोग झूठ नहीं सुनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button