छत्तीसगढ़

चुनाव, उपचुनावों का ऐलान,रायपुर दक्षिण का दंगल 13 को !

 

एम. डी. आरिफ की रिपोर्ट…

नई दिल्ली। चार राज्यों के चुनाव एक साथ नहीं करा पाने के लिए आलोचना के घेरे में आए चुनाव आयोग ने दम दिखाया है। आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव का ऐलान किया है तो कहा है कि महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक चरण में ही मतदान होगी। झारखंड में भी कई चरणों की बजाय आयोग ने सभी 81 सीटों पर दो चरण में ही मतदान कराने का फैसला किया है। 48 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया है। महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को और झारखंड में दो चरण में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को दोनों चुनाव आयुक्तों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव और लोकसभा व विधानसभा की खाली सीटों के उपचुनावों की घोषणा की। गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को और झारखंड विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।

छत्तीसगढ़ में उप चुनाव का ऐलान,
रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए उपचुनाव की घोषणा,
18 अक्टूबर को जारी होगा नोटिफिकेशन,
25 अक्टूबर नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख,
30 अक्टूबर तक लिए जा सकेंगे नाम वापस,
13 नवम्बर को होगा #मतदान
23 नवम्बर को होगी #मतगणना

बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट।

बहरहाल, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दोनों राज्यों के चुनाव की घोषणा करते हुए बताया है कि महाराष्ट्र विधानसभा में एक चरण में 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर मतदान होगा, जिसके लिए अधिसूचना 22 अक्टूबर को जारी होगी। उसी दिन से नामांकन भरने का काम शुरू होगा, जो 29 अक्टूबर तक चलेगा। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और चार नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। महाराष्ट्र में कुल 9.63 करोड़ वोटर हैं, जिनमें से करीब 21 लाख ऐसे हैं, जो पहली बार वोट करेंगे।

उधर झारखंड में पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। पहले चरण की अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी होगी और उसी दिन से नामांकन शुरू होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन की जांच 28 अक्टूबर को होगी और 30 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। पहले चरण में 43 सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा, जिसकी अधिसचूना 22 अक्टूबर को जारी होगी और 29 अक्टूबर तक नामांकन होगा। 30 अक्टूबर को नामांकन की जांच होगी और एक नवंबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा। दूसरे चरण में बची हुई 38 सीटों पर मतदान होगा। झारखंड में कुल 2.60 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से करीब 13 लाख पहली बार वोट डालेंगे।

महाराष्ट्र में महायुति यानी शिव सेना, भाजपा और एनसीपी की सरकार है, जिसे महा विकास अघाड़ी से चुनौती मिलेगी। अघाड़ी में कांग्रेस के साथ उद्धव ठाकरे की शिव सेना और शरद पवार की एनसीपी शामिल हैं। इस तरह छह बड़ी पार्टियां दो गठबंधनों में चुनाव लड़ेंगी। उधर झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम के साथ कांग्रेस और राजद का गठबंधन है तो भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए उसे चुनौती देगा, जिसमें भाजपा के साथ आजसू और जदयू शामिल हैं। भाजपा ने आजसू को नौ से 11 और जदयू को दो सीटें देने का फैसला किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button