छत्तीसगढ़

2. अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई सीनियर डॉक्टर की कार, ड्राइवर की मौत, चिकित्सक की हालत गंभीर

कांकेर  :  छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहाँ नेशनल हाईवे- 30 (रायपुर-जगदलपुर) में चारामा के पास एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। कार में बैठे सीनियर डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। डॉक्टर को तत्काल इलाज के लिए चारामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के रिटायर्ड बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रदीप क्लाडियस अपने ड्राइवर जालम सिंह के साथ अपनी कार से धमतरी से कांकेर के लिए निकले थे। तभी रास्ते में चारामा के ठीक पहले माहुद के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

ट्रक और कार के बीच हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ड्राइवर जालम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, डॉक्टर प्रदीप क्लाडियस की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चारामा में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। जब पुलिस को इस घटना की सूचना मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर मार्ग बहाल करवाया। अब इस मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button