4. गर्मियों में भूलकर भी न खाएं 5 तरह के फूड्स, बिगड़ सकती है तबीयत, सेहत के लिए बेहद हानिकारक

गर्मियों के मौसम में खान-पान का बहुत ध्यान देना होता है. अगर आपने सही डाइट नहीं ली तो कई मौसमी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं. गलत डाइट लेने से हाजमा खराब हो सकता है. फूड पॉयजनिंग, पेट दर्द, उल्टी आदि की समस्या हो सकती है. इस मौसम में स्वस्थ रहने के लिए ठंडी चीजें अधिक खानी चाहिए, ताकि शरीर अंदर से कूल रहे. इस मौसम में लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने को कहा जाता है. साथ गन्ने का जूस,नारियल पानी जैसे एनर्जी ड्रिंक पीने की सलाह भी दी जाती है. आइए आज हम आपको बताते हैं कि गर्मियों के मौसम से किन फूड से परहेज करें. कौन से फूड आपकी सेहत के लिए हानिकारक हैं.
मिर्च मसालों से करें परहेज: गर्मी के मौसम में भोजन में मिर्च- मसालों को कम करना चाहिए. भोजन में शामिल अधिक तैलीय मसाले दार चीजों से परहेज करना चाहिए, ठीक उसी तरह से कुछ सूखे मसालों के पाउडर का भी भोजन में अधिक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.भोजन में अधिक मिर्च पाउडर, गरम मसाला, दालचीनी पाउडर के अधिक सेवन से शरीर गर्म हो सकता है, क्योंकि ये चयापचय की दर को बढ़ाते हैं. साथ ही कुछ मसालों में कैपसेसिन (Capsaicin)नामक कम्पाउंड होता है, जो शरीर के पित्त दोष को बढ़ाकर गर्मी पैदा करता है. इससे आपको अधिक पसीना आना, स्किन पर फोड़े-फुसियां होना, कमजोरी, डिहाइड्रेशन आदि हो सकता है. इसलिए गर्मियों के मौसम में मिर्च मसालों वाले खाने से परहेज करना चाहिए.
नॉनवेज खाना कम करें: जो लोग नॉनवेज खाते हैं उन्हें गर्मियों में इसे कम करना चाहिए. गर्मी के दिनों में हर दिन नॉनवेज खाने से भी परहेज करना चाहिए. तंदूरी, चिकन, मछली, सीफूड के बहुत अधिक सेवन से बचें, क्योंकि इनसे पसीना अधिक बनता है, साथ ही पाचन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. कई बार मांस-मछली अधिक खाने से दस्त की समस्या भी शुरू हो जाती है. इसलिए गर्मियों में नॉनवेज से परहेज करें
जंक फूड न खाएं: आजकल के बच्चे और युवा पिज्जा, बर्गर, चाउमीन, पास्ता, स्ट्रीट फूड्स, मोमोज, समोसा, फ्रेंच फ्राइज आदि बहुत खाते हैं. लेकिन लोगों को गर्मियों में इनसे दूरी बनानी चाहिए. ऑयली और जंक या फास्ट फूड्स जैसे मीट पैटीज, बर्गर या कुछ और अधिक खाने से पेट खराब हो सकता है.गर्मी के मौसम में तेल-मसाले से शरीर की गर्मी और बढ़ सकती है. इसलिए जंक फूड खाने से परहेज करें.
अचार कम खाएं: लोगों को अचार बहुत पसंद होता है. खाने के साथ अचार मिल जाए तो फिर स्वाद में मजा ही आ जाता है. अचार को भोजन में शामिल करने से खाने के स्वाद दोगुना हो जाता है, लेकिन स्वाद के चक्कर में आपकी सेहत बिगड़ सकती है. अचार तेल-मसालों से तैयार किया जाता है और ये फर्मेंटेड होता है. इसमें सोडियम की मात्रा भी बहुत होती है, जो वाटर रिटेंशन, सूजन, अपच, ब्लोटिंग आदि का कारण बन सकता है. इसलिए गर्मियों में अचार ज्यादा खाने से परहेज करना चाहिए. यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.
चाय-कॉफी कम पिएं: गर्मियों के मौसम में चाय-काफी जैसे पेय पदार्थों को एक दम कम कर देना चाहिए. ये शरीर की गर्मी को बढ़ाने का काम में हैं. इसलिए बेहतर है कि गर्मियों के मौसम में चाय-कॉफी की बजाय गन्ने का जूस, नारियल पानी पीएं.



