7. ब्रेड का ज्यादा सेवन खतरनाक, कोलेस्ट्रॉल-डायबिटीज समेत 5 बीमारियोंं का हो सकते हैं शिकार, एक दिन में सिर्फ इतना खाएं

आज के दौर में करोड़ों लोग नाश्ते में ब्रेड (Bread) का सेवन करते हैं. ब्रेड से कई तरह की डिश बनाई जा सकती हैं, जिन्हें लोग बड़े स्वाद के साथ खाते हैं. ब्रेड खाने में स्वादिष्ट होती है और यही वजह है कि सभी उम्र के लोग नाश्ते से लेकर विभिन्न डिशेज में ब्रेड का खूब सेवन करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका ज्यादा सेवन हेल्थ के लिए नुकसानदायक होता है. लंबे समय तक रोज ब्रेड खाने से आप डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी गंभीर बीमारियों के मरीज भी बन सकते हैं. आप सुनकर हैरान हो रहे होंगे, लेकिन यह बात सच है. आज डाइटिशियन से जानेंगे कि ब्रेड का सेहत पर क्या असर होता है और कितनी मात्रा में ब्रेड खाना सुरक्षित माना जा सकता है.
नई दिल्ली के न्यूट्रिफाई बाई पूनम डाइट एंड वेलनेस क्लीनिक की फाउंडर पूनम दुनेजा कहती हैं कि बाजार में मिलने वाले अधिकतर ब्रेड में 50 पर्सेंट मैदा और 50 पर्सेंट आटा होता है. ब्रेड में प्रिजर्वेटिव और स्टेबलाइजर्स का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि जल्दी खराब न हों. ये सभी एलीमेंट्स शरीर के लिए नुकसानदायक होते हैं और कई बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैंं. ब्रेड को रोज नहीं खाना चाहिए. कोशिश करनी चाहिए कि व्हाइट या ब्राउन ब्रेड की जगह होल ग्रेन ब्रेड यानी साबुक अनाज से बनी ब्रेड का सेवन किया जाए. हालांकि इसका भी ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है. आप हेल्थ को खतरों से बचाने के लिए ब्रेड मेकर से घर पर ब्रेड बना सकते हैं. यह एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
ब्रेड खाने के 5 बड़े नुकसान
– लंबे समय तक रोज ब्रेड का सेवन करने से डायबिटीज होने का खतरा बढ़ सकता है.
– हर दिन ब्रेड खाने से लोगों को वजन बढ़ सकता है, जो कई समस्या पैदा कर सकता है.
– ब्रेड का ज्यादा सेवन करने से कुछ लोगों को मतली और कब्ज की शिकायत हो सकती है.
– ग्लूटन इनटॉलरेंस से जूझ रहे लोगोंं को ब्रेड खाने से जॉइंट्स पेन की समस्या हो सकती है.
– ब्रेड ज्यादा खाने से आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स लेवल बढ़ सकता है.
डाइटिशियन पूनम दुनेजा के मुताबिक लोगों को आमतौर पर ग्लूटेन फ्री या होल ग्रेन वाले ब्रेड खाने चाहिए. मैदा वाले ब्रेड को अवॉइड करना चाहिए. एक दिन में किसी भी तरह के ब्रेड की 2 स्लाइस से ज्यादा नहीं खानी चाहिए. ब्रेड रोज नहींं खाने चाहिए. सप्ताह में एक या दो दिन ब्रेड खाना सुरक्षित माना जा सकता है. हालांकि ग्लूटन इनटॉलरेंस, डायबिटीज, मोटापा और कॉन्स्टिपेशन की दिक्कत से जूझ रहे लोगों को ब्रेड खाने से बचना चाहिए. ऐसे लोगों के लिए ब्रेड काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है.



