अपराधराष्ट्रीय

संतान प्राप्ति के लिए तांत्रिक अनुष्ठान का झांसा देकर आठ लाख की ठगी

संतान प्राप्ति के लिए पीड़िता से तांत्रिक अनुष्ठान करवाने के नाम पर ठगी की गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पति को बुलाकर अंदर जाकर रुपए देखें तो कुछ नहीं मिला।

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत आठ लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। संतान प्राप्ति के लिए पीड़िता से तांत्रिक अनुष्ठान करवाने के नाम पर ठगी की गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बाणगंगा थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी ब्यूटी पार्लर संचालिका है। शादी को नौ साल हो चुके हैं लेकिन संतान नहीं होने से वह परेशान थी। पीड़िता चिकित्सकीय परामर्श भी ले चुकी थी। दो माह पहले रानी निवासी नरवल सांवेर रोड ब्यूटी पार्लर का काम सीखने के लिए उसके पास आई थी। उसने पीड़िता से संतान प्राप्ति के लिए तांत्रिक अनुष्ठान करवाने की बात कहीं। इसके लिए गुरुजी को बुलाने के लिए भी कहा। इसके बाद पीड़िता रानी के झांसे में आ गई। रानी ने विक्रम उर्फ रवि निवासी सुंदर नगर से संपर्क करने के लिए पीड़िता को कहा। पीड़िता ने रवि से फोन पर बात की तो रवि ने अफजल नामक आरोपित से पीड़िता की बात करवाई।

अफजल ने कहा कि आपका काम हो जाएगा लेकिन इसके लिए तांत्रिक अनुष्ठान करना पड़ेगा। इस पर पीड़िता ने आरोपित रवि को ऑनलाइन दस हजार ट्रांसफर कर दिए। अब जाने वीडियो कॉल के माध्यम से अनुष्ठान किया लेकिन पीड़िता को इससे लाभ नहीं हुआ। इसके बाद पीड़िता ने आरोपितों से सवाल जवाब किए तो उन्होंने पांच हजार वापस लौटा दिए। पीड़िता बाद में भी आरोपित रवि और अफजल के संपर्क में रही। आरोपितों ने पीड़िता को झांसे में लिया और कहा कि तुम्हारी समस्या के समाधान के लिए बड़े गुरुजी को बुलाना पड़ेगा। इसके लिए आठ लाख का इंतजाम करके रखना। इस राशि को गुरुजी तीन गुना भी कर देंगे।

इस पर पीड़िता ने अपने पति के साथ जाकर पड़ोसी को विश्वास में लिया और उनसे आठ लाख उधार ले लिए। पांच अक्टूबर को आरोपित विक्रम उर्फ रवि की बाइक से आरोपित अफजल, अनिल और बड़े गुरुजी आए। उन्होंने पीड़िता और उसके पति को बैठाया व तिलक लगाकर अनुष्ठान शुरू किया। बाद में एक कपड़े में नारियल बांध उसे चौराहे पर रखने के लिए कहा और घर के बाहर निकल घर में ताला लगा दिया। उन्होंने पीड़िता से कहा कि घर के अंदर जाकर देखना रुपये तीन गुना हो गए हैं। उसके बाद तीनों भाग गए।

पीड़िता ने पति को बुलाकर अंदर जाकर रुपए देखें तो कुछ नहीं मिला। तब पीड़िता को ठगी का पता चला। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपित सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button