राजेश मूणत का अल्टीमेटम: “असामाजिक तत्व सुधर जाएँ, नहीं तो पुलिस करेगी इलाज… राशन घोटालेबाजों पर भी होगी कड़ी कार्रवाई”

राजेश मूणत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे समय रहते अपनी गतिविधियों में सुधार कर लें, अन्यथा पुलिस कमिश्नरी द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सुधार दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराध और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
विधायक मूणत ने राशन वितरण व्यवस्था में मिल रही शिकायतों पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि कुछ राशन दुकानदार पात्र हितग्राहियों को चावल नहीं देकर उसके बदले पैसे दे रहे हैं, जो कि पूरी तरह गलत और नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने राशन दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यप्रणाली में तुरंत सुधार करें और शासन की योजनाओं का लाभ सही पात्र लोगों तक पहुँचाएं। यदि शिकायतें बंद नहीं हुईं तो खाद्य विभाग के माध्यम से संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि राशन दुकानों की नियमित जांच की जाए तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मूणत ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और शासन की योजनाओं में किसी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियाँ या राशन वितरण में गड़बड़ी दिखाई दे तो उसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।




