4. 2 घर से लाखों पारः सब इंजीनियर और उनके पड़ोसी के घर चोरों नो बोला धावा, ले उड़े 15 तोला सोना और साढ़े 16 लाख रुपये, CCTV खंगाल रही पुलिस

दुर्ग. जिले में एक बार फिर चोरी की घटना ने पुलिसिया व्यवस्था के ऊपर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बार चोरों ने अपना निशाना भिलाई नगर निगम में कार्यरत सब इंजीनियर और उनके पड़ोसी के घर को बनाया है. जहां से लगभग 16 लाख रुपए नगद और 15 तोला सोने के गहने लेकर फरार हो गए.
दरअसल, भिलाई नगर निगम में सब इंजीनियर रीमा जामुलकर पिछले दो दिनों से अपने मायके गई हुईं थी, जिसके बाद अल सुबह रीमा जामुलकर के पड़ोसी ने फोन करके उन्हें बताया कि, उनके और उनके पड़ोस वालों के घर का ताला टूटा हुआ है. जिसके बाद रीमा ने तत्काल अपने पड़ोसी से बात की और दोनों परिवार नेहरू नगर 77 एमएलडी प्लांट कॉलोनी पहुंचे. जहां पहुंचने पर देखा कि, एक घर का ताला टूटा हुआ है. साथ ही दूसरे घर का ताला सही सलामत था.
हालांकि, जब रीमा जामुलकर पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुईं तो पता चला की दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है और घर के अंदर घुसते ही उनके होश उड़ गए. अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर में रखा लगभग 15 तोला सोना गायब था, वहीं 15 लाख रुपए नगद की राशि पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया. वहीं रीमा जामुलकर के पड़ोस में ही रहने वाले एक और घर में भी चोरों ने धावा बोलते हुए डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए.
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर एक बार फिर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और डायल 112 पर सवाल उठाए जा रहे हैं. इस पूरी घटना की सुपेला थाना को जानकारी दी गई है. सूचना मिलने के बाद अब सुपेला पुलिस फिलहाल मामले की विवेचना कर रही है. आरोपियों की तस्वीर सीसीटीवी के माध्य्म से पहचान की जा रही है.



