राष्ट्रीय

मॉस्को से दिल्ली आ रहे विमान में बम की सूचना से हड़कंप, 400 लोग थे सवार

मॉस्को से दिल्ली आ रहे विमान में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। विमान शुक्रवार तड़के लगभग 3.20 बजे आईजीआई के रनवे पर उतरा। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

नई दिल्ली- मॉस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट संख्या एसयू 232 में गुरुवार रात बम होने की सूचना मिली। शुक्रवार तड़के लगभग 3.20 बजे यह विमान आईजीआई के रनवे संख्या 29 पर उतरा। जहां फ्लाइट से 386 यात्री और 16 क्रू मेंबर को उतारा गया। इसके बाद विमान की जांच की गई जिसमे कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि विमान की जांच की जा रही है और तहकीकात जारी है।

जानकारी के अनुसार, रात को 11.30 बजे दिल्ली पुलिस को एक फोन आया। जिसमें बताया गया कि मॉस्को से दिल्ली आ रहे विमान में बम है। इसके बाद सभी एजेंसियों को अलर्ट किया गया। विमान के तड़के 3.30 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड होते ही सभी यात्रियों के बैग और सामान की चेकिंग की गई। फ्लाइट को भी चेक किया गया। रेस्क्यू टीम भी आईजीआई एयरपोर्ट पहुंची। अभी तक की जांच में पुलिस को कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। इसलिए माना जा रहा है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत होगी।

Related Articles

Back to top button