3. गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में मिली लाश, गले में मिली चोट का निशान, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। जिले के मल्हार चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम भगवान पाली में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने बताया कि उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला की करीब डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि ग्राम भगवान पाली निवासी रामनेही राय ड्राइवर है। उसकी शादी करीब साल भर पहले खैरा डगनिया निवासी संध्या राय से हुई थी। शादी के बाद दोनों ठीक-ठाक रहे थे और संध्या पांच माह से गर्भवती थी। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने देखा कि महिला बदहवाश पड़ी है, तब उन्होंने संजीवनी 108 को कॉल किया। लेकिन जब तक एंबुलेंस पहुंचीं, महिला की मौत हो गई थी।
सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने गांव पहुंच कर शव का परीक्षण किया। जांच के दौरान महिला के गले पर चोंट के निशान मिले, जिसे देखकर उन्हें मामला संदिग्ध लगा। तब उन्होंने मस्तूरी थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी नुपुर उपाध्याय को महिला की संदिग्ध मौत की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



