4. क्या आप चम्मच से खाते हैं खाना? छोड़ दें ये आदत और जान लें हाथ से भोजन करने के फायदे

आजकल के यंग जेनरेशन में फोर्क और चम्मच से खाने का चलन काफी बढ़ गया है. कुछ भी खाना हो, वे तुरंत हाथों में चम्मच पकड़ लेते हैं. लेकिन, चम्मच से खाना खाकर आप हाथ से भोजन करने से होने वाले कई फायदे नहीं प्राप्त कर पाते. जी हां, हाथ से भोजन करना, चम्मच से खाने की तुलना में काफी फायदेमंद बताया गया है. यदि आप चाहते हैं कि आपकी पाचन शक्ति मजबूत रहे तो आप हाथ से भोजन करें. ये भी कहा जाता है कि चम्मच की बजाय हाथ से भोजन करने से वजन कम होता है. आयुर्वेद के अनुसार, हाथ से खाना खाने से भोजन जल्दी पचता है. जब आप हाथ से खाना खाते हैं तो पूरा स्वाद लेकर खाते हैं और इससे भोजन का अलग ही टेस्ट आता है. आइए जानते हैं चम्मच की बजाय हाथ से भोजन करने के क्या-क्या फायदे होते हैं.
हाथ से भोजन करने के फायदे
–फूड डॉट एनडीटीवी डॉट कॉममें छपी एक खबर के अनुसार, जब आप हाथ से खाना खाते हैं तो इससे हाथों की मांसपेशियों की बेहतर एक्सरसाइज होती है. हाथ से खाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है, जिसे आज की जेनरेशन भूलती जा रही है. हालांकि, आज भी अधिकतर लोग हाथ से खाना पसंद करते हैं. इसी तरीके से खाने में उन्हें सुविधा भी महसूस होती है.
– आयुर्वेद के अनुसार, माना जाता है कि उंगलियों के शीर्ष भाग (fingertips) में मौजूद नर्व एंडिंग पाचन को बढ़ावा देते हैं. वास्तव में, जब आप हाथ से खाना खाते हैं तो आप टेक्सचर, स्वाद और सुगंध के बारे में अधिक जागरूक होते हैं, क्योंकि आप अपने हाथों और उंगलियों का इस्तेमाल करके भोजन करते हैं.
– हाथों से खाने से ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार होता है. इससे उंगलियों और हाथों की मांसपेशियों की एक्सरसाइज भी हो जाती है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है. आप जितना अपने हाथों के मूवमेंट को बनाए रखेंगे, ब्लड फ्लो उतना ही स्मूद बना रहेगा. जब आप खाते समस चावल-दाल, सब्जी को एक साथ मिलाते हैं या फिर रोटी के टुकड़े करते हैं तो उगलियों की हड्डियां, ज्वाइंट्स भी सही तरीके से काम करते हैं.
-मानव शरीर में कई तरह के बैक्टीरिया या फ्लोरा होते हैं, जो हाथ, मुंह, गले, आंत और पेट जैसी जगहों पर मौजूद होते हैं. ये हमें पर्यावरण में पनपने वाले हानिकारक बैक्टीरिया से बचाते हैं. जब आप अपने हाथों से खाते हैं, तो अनुकूल वनस्पतियां हमारे पाचन तंत्र को हानिकारक जीवाणुओं के संपर्क में आने से बचाती हैं और पाचन तंत्र को उत्तेजित करती हैं. लेकिन, आप भोजन करने से पहले अपने हाथों को अच्छी तरह से जरूर साफ कर लें वरना हाथों, नाखूनों में मौजूद हानिकारक कीटाणु, बैक्टीरिया आपको बीमार भी कर सकते हैं.
-जर्नल एपेटाइट में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, जब लोग अखबार पढ़ते या टेलीविजन देखते हुए हाथ से खाना खाए, तो उन्हें स्नैक-टाइम के दौरान कम भूख लगी और उन्होंने हल्के नाश्ते का विकल्प चुना. शोधकर्ताओं ने इस आधार पर निष्कर्ष निकाला कि कटलरी के साथ खाने की तुलना में हाथ से खाने से परिपूर्णता और तृप्ति की भावना को बढ़ावा मिलता है.
-एक अध्ययन के अनुसार, चम्मच और कांटे से लोग तेजी से खाते हैं, जो शरीर में रक्त-शर्करा के असंतुलन से जुड़ा हुआ है. यह आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज के होने की संभावना को बढ़ा सकता है, इसलिए चम्मच से खाने की आदत को छोड़ दें और इसकी बजाय हाथों से खाएं.
– जब आप चम्मच से खाते हैं तो आपको भोजन कितना गर्म है, इसका सही से पता नहीं चल पाता और आपका मुंह जल जाता है. दरअसल, गर्म खाने को चम्मच से खाने पर चम्मच का टेंप्रेचर भी बदल जाता है, जिससे फोर्क या स्पून गर्म हो जाती है. जब आप हाथ से खाते हैं तो भोजन कितना गर्म है, इसके बारे में मालूम पड़ता रहता है.
– चम्मच की तुलना में हाथों से आप धीमी गति से खाते हैं. हाथ से खाने के दौरान आपको पता चलता रहता है कि आप क्या और कितना खा चुके हैं. हद से ज्यादा खा लेना वजन बढ़ने के सबसे बड़े कारकों में से एक होता है. वजन कंट्रोल करने में फूड पोर्शन को मैनेज करना एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसके अलावा, हाथों का उपयोग करने से आप भोजन का बेहतर और सुखद अनुभव कर पाते हैं.



