सड़क किनारे पसरा लगाने निगम नहीं व्यापारी ही दे रहे अनुमति, 15-30 हजार रुपये महीना वसूल रहे
शहर में पसरा लगाने की अनुमति निगम नहीं बल्कि व्यापारी ही दे रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि मालवीय रोड, श्री बंजारी रोड सहित एमजी रोड के किनारे लगने वाले ठेलों को व्यापारी ही अनुमति दे रहे हैं और उनसे 15-30 हजार रुपये महीने की वसूली कर रहे हैं।

वहीं, निगम का अमला इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि ट्रैफिक विभाग का अमला इन्हें हटाता तो है, लेकिन उनके जाने के बाद वापस से दुकानें लग जाती हैं। इसका मुख्य कारण है कि ट्रैफिक विभाग के पास सामान जब्ती का अधिकार नहीं होना। वहीं, जिनके पास इनकी जब्ती करने का अधिकार है, यानी कि निगम, उनके द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई संबंधित अवैध पसरा वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मल्टीलेवल पार्किंग सहित आरडीए पार्किंग भी रहती है फुल
शहर के साथ ही दूर दराज से खरीदी करने के लिए आने वाले व्यापारियों को पार्किंग के लिए तीन ही विकल्प हैं। जिसमें जयस्तंभ की मल्टीलेवल पार्किंग, गांधी मैदान और फूल चौक स्थित आरडीए की पार्किंग, लेकिन इनमें भी त्योहार के समय गाड़ियां पर्याप्त हो जाती हैं और जगह फुल हो जाती है। ऐसे में लोगों के पास इसका विकल्प ही नहीं रहता है।
विकल्प के लिए निगम को चिन्हांकित करनी चाहिए जगह
निगम क्षेत्र में लोगों की गाड़ियां खड़ी करने के लिए जगह नहीं है, वहीं, पार्किंग के लिए जगह का चिन्हांकन करना निगम की जिम्मेदारी बनती है। लेकिन इसके बावजूद निगम के अफसर अब तक विकल्प नहीं सुझा पा रहे हैं। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और निगम के अफसर हाथ पर हाथ धरे हुए बैठे हैं।
रायपुर एएसपी ट्रैफिक जेपी बढ़ई ने कहा, सभी व्यापारियों के साथ बैठक ली गई थी, सभी ने पसरा हटाने को लेकर सहमति जताई है। फिर भी सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है और पसरा भी यथावत लगाया जा रहा है। जल्द ही इसकी व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। व्यापारियों को निर्देशित किया जाएगा कि वे दुकानों के सामने अवैध कब्जा हटवाएं।



