5. जामुन खाते वक्त भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, जानें इसे खाने का सही समय और तरीका

सेहत बनाने के लिए पोषण से भरपूर जामुन का लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं. जामुन खाना बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद होता है और वे चाव से इसे खाते हैं. हेल्थ शॉट के मुताबिक, जामुन हीमोग्लोबिन बढ़ाने, हार्ट को हेल्दी रखने, पाचन क्रिया को संतुलित रखने, वजन कम करने में भी काफी फायदेमंद होता है. लेकिन अक्सर दादी नानी इसे खाने को लेकर कई तरह की हिदायत देती रहीं हैं. मसलन, जामुन खाने के बाद पानी नहीं पीना चाहिए आदि. तो आइए जानते हैं कि जामुन खाते वक्त किन बातों को ध्यान में रखना जरूरी है और बेहतर सेहत के लिए इसे आप कब खा सकते हैं.
जामुन खाने के तुरंत बाद ना करें ये गलतियां
पानी पीना
जामुन खाने के तुरंत बाद पानी पीना कई तरह की सेहत की समस्याओं का कारण बन सकता है. ऐसे में जामुन खाने के करीब आधे घंटे बाद ही पानी पीना चाहिए. ऐसा नहीं करने से पेट में दर्द या डायरिया हो सकता है.
खाली पेट खाना
खाली पेट जामुन खाना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है. खाली पेट जामुन खाने से एसिडिटी, पेट दर्द और पेट में जलन की समस्या हो सकती है. हालांकि इसका कोई शोध नहीं है लेकिन आयुर्वेद में इसकी मनाही की जाती है.
हल्दी का सेवन
जामुन खाने के तुरंत बाद हल्दी खाने से परहेज करना चाहिए. हल्दी और जामुन साथ खाने से पेट में जलन हो सकता है. ऐसे में जामुन खाने के कम से कम 30 मिनट बाद ही हल्दी का सेवन करना चाहिए.
दूध पीना
जामुन खाने के तुरंत बाद दूध पीने से डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, अपच और पेट दर्द हो सकता है. इसलिए जामुन खाने से कम से कम 30 मिनट बाद ही दूध पीना चाहिए.
अचार खाना
अचार और जामुन को साथ खाने से भी डायजेशन की समस्या हो सकती है. इसलिए जामुन खाने के 1 घंटे बाद ही किसी तरह का अचार या चटनी आदि खाना बेहतर रहता है.



