राष्ट्रीय

संक्रमण से कानों को बचाना जरूरी, नहीं तो बहरेपन की हो सकती है समस्या

Hello Doctor Khandwa: ध्वनि वाले पटाखे व लगातार ईयर फोन लगाए रखना भी कानों के लिए खतरनाक। कहीं से भी कान साफ कराना भी खतरनाक हो सकता है। पर्दा फटने के साथ ही इंफेक्शन की समस्या हो सकती है।

खंडवा। कान में होने वाला संक्रमण बच्चों, युवा व बुजुर्ग किसी को भी हो सकता है। भूलकर भी कान साफ करने के लिए तेल, पानी या किसी तरह के कान साफ करने वाले तरीके न अपनाएं। इससे कान के पर्दे को नुकसान पहुंच सकता है। बहरेपन की समस्या हो सकती है। आजकल बाजार में दस-बीस रुपये में कान साफ करने वाले लोग नजर आते हैं। इनसे कान साफ कराया भी खतरनाक हो सकता है। पर्दा फटने के साथ ही इंफेक्शन की समस्या हो सकती है। यह बात बुधवार को नईदुनिया हेलो डाक्टर में पहुंचे जिला अस्पताल के नाक कान गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ डा. अनिरुद्ध कौशल ने कही। कार्यक्रम के तहत 15 से अधिक लोगों ने फोन कर उचित सलाह ली।

डा. कौशल ने बताया-120 डेसीबल से अधिक आवाज करने वाले पटाखे कानों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। आज कल युवा या नौकरीपेशा बस, बाइक, कार, ट्रेन में या कार्यालय में भी ईयर फोन लगाकर अधिक बात करते हैं। इसके साथ ही ऊंची आवाज में गाने भी सुनते हैं। यह कानों के लिए खतरनाक हो सकता है। नवजात बच्चों में अनुवांशिक या मां द्वारा गर्भावस्था के दौरान गलत या नियमित गोलियां नहीं लेने पर भी बच्चे के विकास के साथ श्रवण क्षमता पर असर हो सकता है। मालिश के दौरान बच्चों के कान या मुंह में तेल न जाए इस बात का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उम्र बढ़ने के साथ भी सुनने की क्षमता कम होती है। जिसकी समय पर जांच, पहचान व उपचार बेहद ही जरूरी है। जिला अस्पताल व मेडिकल कालेज के ईएनटी विभाग में बेहतर सुविधाएं मरीजों के लिए उपलब्ध है।

सवालः कान में पानी रह जाता है। जिससे दिक्कत होती है?- प्रेमांशु जैन, सराफा खंडवा

जवाबः कान में कभी भी तेल, पानी, सफाई के लिए कोई भी लकड़ी न डालें। यह खतरनाक हो सकता है। अगर नहाते समय पानी जमा हो जाए तो खुरचे नहीं। यह नुकसानदायक हो सकता है। सूखी रुई से हल्के से साफ करें। बगैर किसी डाक्टर से जांच कराए सीधे दवाई न डालें।

सवालःकम सुनाई देता है। आवाज भी आती है?-सुरेशचंद जैन, खिरक

जवाबः कम सुनाई देने के दो से तीन कारण हो सकते हैं। कान में अधिक मैल या हड्डी कमजोर होना भी एक कारण हो सकता है। जिला अस्पताल में आडियोमैट्री जांच सुविधा उपलब्ध है। मंगलवार को आकर जांच करा सकते हैं।

सवालः कान साफ करने वाले घरेलू नुस्खे कारगर हो सकते हैं?-अक्षय अत्रे, देवश्री कालोनी

जवाबः नहीं इससे कान के पर्दे को नुकसान हो सकता है। तेल या पानी के जमा होने से धूल-मिट्टी चिपकते हैं व संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। इसलिए तकलीफ होने पर डाक्टर को दिखाएं।

सवालः बच्चों की सुनने की क्षमता कैसे पहचानें?-मनोज सोनी, सराफा बाजार

जवाबः बच्चों की जांच के लिए अलग मशीन आती है। सामान्यतः जब बच्चा तीन माह का होता है तो चुटकी बजाकर, धीरे से आवाज लगाकर, किसी चीज को बजाकर उसका ध्यान आकर्षित किया जाता है। अगर वह रिप्लाई देते हैं मतलब सुनने की क्षमता अच्छी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button