
अंबिकापुर। घर के सामने खेल रही पांच वर्षीय बालिका को कथित रूप से महिला द्वारा साथ ले जाने का प्रयास किया गया।प्रदेश के कई शहरों में फैली अफवाह के बीच अंबिकापुर की इस घटना के बाद भी बच्चा चोरी की चर्चाएं होने लगी।अब तक की पुलिस की जांच में महिला के स्वजन ने यह बताया है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है।पुलिस अब इसका परीक्षण करा रही है।यदि जांच में यह तथ्य प्रमाणित हो गया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है तो पुलिस की ओर से उसे न्यायालय के आदेश पर सेंदरी(बिलासपुर) स्थित मानसिक चिकित्सालय भेजा जाएगा।
अंबिकापुर के भट्टी रोड में एक पांच वर्षीय बालिका घर के बाहर खेल रही थी।उसके साथ एक हमउम्र बालिका भी थी।उसी दौरान एक महिला वहां पहुंची।उसने पर्स से निकाल कर बालिका को चाकलेट दिया।कथित रूप से बालिका को वह साथ ले जाने लगी।पड़ोस में रहने वाले युवक ने महिला को देख लिया।महिला को रोककर उससे पूछताछ की।आरोप है कि महिला ने शोर मचाना प्रारंभ कर दिया। शोर सुनकर लोग जमा हो गए।पुलिस को सूचना दी गई।तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को साथ ले गई।उक्त घटनाक्रम का कुछ हिस्सा नजदीक के सीसी कैमरे में भी कैद हुआ है।इधर घटना को लेकर शहर में बच्चा चोरी की कोशिश की चर्चाएं तेज हो गई।इंटरनेट मीडिया पर भी यह तेजी से प्रसारित हुआ।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला खुद कोतवाली पहुंचे। महिला पुलिस अधिकारियों के माध्यम से छानबीन कराई गई।अब तक जो जानकारी पुलिस को मिली है उसके मुताबिक महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है।उसका उपचार भी पहले कराया जा चुका है।
तो मानसिक चिकित्सालय सेंदरी भेजेंगे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि पुलिस की जांच चल रही है।उसके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जो जानकारी दी गई है उसका भी परीक्षण कराया जाएगा।जरूरत पड़ी तो महिला को न्यायालय में प्रस्तुत कर उसे मानसिक चिकित्सालय सेंदरी भेजने की अनुमति भी ली जाएगी,इसके लिए पुलिस की ओर से पहल की जाएगी।



