8. जंगल में मिली छात्रा की लाश, तीन माह पहले घर से हुई थी लापता, जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़ : जिले में एक छात्रा की लाश मिली है। बताया जा रहा है कि छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। यह छात्रा करीब तीन माह पहले घर से लापता हो गई थी। लाश मिलने के बाद छात्रा के परिजनों ने कंकाल के पास मिले कपड़ों और मोबाइल से पहचान की है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। छात्रा की मौत कैसे हुई इस बात का खुलासा अब तक नहीं हुई है। मामला रायगढ़ जिले के चक्रधर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को भेलवा टिकरा गांव के निकट एक पहाड़ी के जंगल में नरकंकाल पड़े होने की सूचना मिली। ऐसी सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फिर उन्होंने कंकाल के टुकड़े इक्कट्ठे किए। कंकाल के पास पुलिस को एक फ्रॉक और मोबाइल भी मिला है। जंगल में नरकंकाल पड़े होने की जानकारी मिलते ही चौहान परिवार भी वहां पहुंचा। उन्होंने नरकंकाल के पास पड़े कपड़ों से अपनी गुमशुदा बेटी के तौर पर पहचान की।
अचानक घर से हुई थी लापता
पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि चौहान परिवार की 16 साल की बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। वह सितंबर के महीने में अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने बेटी की काफी तलाश की, खोजबीन की लेकिन जब बेटी का पता नहीं चला तो उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा।



