6. कॉफी की सिप, लिवर और मानसिक रोगों से दे सकती है सुरक्षा, बस इस बात का रखें ध्यान

मूड को तरो-ताजा रखने के लिए कॉफी पीना लोगों की पहली पसंद रही है, पर क्या आप जानते हैं कि कॉफी आपको कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के जोखिम से बचाने में भी मददगार हो सकती है? अध्ययनों में पाया गया है कि कॉफी में मौजूद तत्व अल्जाइमर और हृदय रोग सहित लिवर और त्वचा की कई समस्याओं को कम करने में भी आपके लिए सहायक हो सकते हैं। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के पोषण विशेषज्ञों ने एक रिपोर्ट में बताया कि कॉफी का अगर संयमित मात्रा में सेवन किया जाता है तो शरीर को इससे कई तरह के लाभ मिल सकते हैं।
जब आप कॉफी के बारे में सोचते हैं तो इसमें मौजूद कैफीन सबसे पहले दिमाग में आता है। आमतौर पर कैफीन के सेवन को हानिकारक माना जाता है, पर अध्ययनकर्ताओं का कहना कि यदि कम मात्रा में इसका सेवन किया जाए तो कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट और अन्य सक्रिय तत्व आंतरिक सूजन को कम करके कई गंभीर बीमारियों से आपको सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।
कॉफी में पाया जाने वाला कैफीन सेंट्रल नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करने के साथ थकान से लड़ने और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में आपकी मदद करता है। यही कारण है कि कॉफी की सिप लेने के कुछ देर बाद ही आप ऊर्जावान महससू करने लगते हैं। आइए कॉफी पीने से शरीर को होने वाले अन्य फायदों के बारे में जानते हैं।
टाइप-2 डायबिटीज में मिलता है लाभ
कुछ शोध बताते हैं कि नियमित रूप से कॉफी का सेवन आपमें टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कम करने में भी मददगार है। 30 अध्ययनों की एक समीक्षा में शोधकर्ताओं ने पाया कि प्रतिदिन 2 कप कॉफी पीने से इस प्रकार के मधुमेह होने का खतरा 6% तक कम हो सकता है। कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स को इंसुलिन संवेदनशीलता को ठीक रखने में भी फायदेमंद पाया गया है। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि अधिक मात्रा में इसका सेवन शरीर के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक भी हो सकता है।
न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों से मिलती है सुरक्षा
अध्ययनों से पता चला है कि कॉफी पीने वाली महिलाओं में कोरोनरी हार्ट डिजीज, स्ट्रोक, मधुमेह और किडनी की बीमारियों के कारण मरने की आशंका कम होती है। कॉफी, अल्जाइमर रोग और पार्किंसंस रोग सहित कई अन्य न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों से बचाने में भी मदद कर सकती है। 13 अध्ययनों की एक समीक्षा में पाया गया कि जो लोग नियमित रूप से कैफीन का संयमित मात्रा में सेवन करते थे, उनमें पार्किंसंस रोग विकसित होने का जोखिम काफी कम था।
लिवर की सेहत को मिलता है लाभ
अध्ययनों से पता चलता है कि कॉफी, लिवर के स्वास्थ्य को ठीक रखने और इससे संबंधित बीमारियों से बचाने में भी मदद कर सकती है। उदाहरण के लिए, एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन दो कप कॉफी पीने से लिवर की बीमारी वाले लोगों में लिवर के खराब होने या लिवर कैंसर होने की आशंका कम होती है। हालांकि शोधकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों की पहले से दवा चल रही है उन्हें डॉक्टर की सलाह के आधार पर ही कैफीन का सेवन करना चाहिए।



