3. हत्यारा बेटा: बीमार मां ने इलाज कराने की बात कही तो हुआ नाराज, दौड़ाकर पीटा फिर पत्थर से कुचलकर ली जान

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बेटे ने अपनी बीमार मां को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो पत्थर से कुचलकर मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बहनों से भी मारपीट की। जानकारी के मुताबिक, मामला अमलीपदर थाना क्षेत्र कहा है। पुलिस ने बताया, अमलीपदर की रहने वाली हरबाई निषाद कई दिनों से बीमार चल रही थी। उसके बार-बार बुखार आ रहा था। बुधवार सुबह उसकी तबीयत फिर बिगड़ना शुरू हुई तो उसने बेटे धनसिंह से डॉक्टर के यहां ले चलने को कहा। इससे उसका बेटा नाराज हो गया और मां पर हमला बोल दिया।
जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी मां
मां पर हमले के बाद बहनों ने बीच-बचाव किया, लेकिन उसने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद मां जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग गई और दौड़कर पास स्थित एक खेत में चली गई। हालांकि, नाराज बेटे ने उसे पकड़ लिया और पत्थर से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया, घटना के समय महिला का पति काम पर गया हुआ था।
हत्या के बाद खुद पी लिया पेट्रोल
मां की हत्या के बाद धनसिंह गांव में ही छुप गया और पेट्रोल पी लिया। जब घटना के बारे में पुलिस को जानकारी हुई तो आरोपी की तलाश की गई। इसके बाद गांव से ही धनसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।



