छत्तीसगढ़

5. सावन से पहले बढ़े अंडों के दाम, रिटेल बाजार में एक अंडा 9 रुपये तक पहुंचा

रायपुर।   सावन शुरू होने से पहले प्रदेश में अंडों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पोल्ट्री स्तर पर अंडे की कीमत करीब 6.95 रुपये प्रति पीस है, जबकि खुदरा बाजार में यह 8 से 9 रुपये तक बिक रहा है। दुकानों पर दर्जन के हिसाब से खरीदने पर कीमत कुछ कम मिल रही है, लेकिन एक या दो अंडे खरीदने वालों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

सावन के बाद कीमतों में राहत की उम्मीद

पोल्ट्री कारोबारियों का कहना है कि सावन के दौरान अंडों की मांग में सामान्य तौर पर कमी आती है, जिससे कीमतों में नरमी देखने को मिलती है। हालांकि इस बार उत्पादन लागत बढ़ने के कारण दामों में बड़ी गिरावट की संभावना कम बताई जा रही है।

उत्पादन लागत बढ़ने से महंगा हुआ अंडा

व्यापारियों के मुताबिक, मुर्गियों के चारे और पोषण सामग्री की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। मक्का, कनकी और विटामिन की लागत पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है। इन बढ़ी हुई लागतों का सीधा असर अंडों की कीमत पर पड़ा है।

प्रदेश में रोजाना होता है लाखों अंडों का उत्पादन

छत्तीसगढ़ अंडा उत्पादन के मामले में प्रमुख राज्यों में शामिल है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 80 लाख अंडों का उत्पादन होता है। इनमें से करीब 45 से 50 प्रतिशत अंडों की आपूर्ति दूसरे राज्यों में की जाती है, जबकि शेष की खपत राज्य के भीतर होती है। गर्मी के मौसम में मांग घटने के कारण उत्पादन भी प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

खुदरा बाजार में अलग-अलग कीमतें

शहर की बड़ी पोल्ट्री और चिकन दुकानों पर अंडे करीब 8 रुपये प्रति पीस मिल रहे हैं, जबकि कई किराना दुकानों में यही अंडा 9 रुपये तक बेचा जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें थोक में ही ऊंचे दाम पर अंडे मिल रहे हैं, इसलिए खुदरा बिक्री भी महंगी हो गई है।

कारोबारियों ने क्या कहा?

पोल्ट्री कारोबारियों का कहना है कि सावन में मांग घटने के साथ कीमतों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन उत्पादन लागत अधिक होने के कारण इस बार पिछले वर्षों जैसी बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है|

Related Articles

Back to top button