4. वाहन कारोबार और जमीन दलाली के नाम पर करोड़ों की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ जिले की तमनार पुलिस ने वाहन खरीद-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों से बड़ी रकम ठगने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़े आर्थिक अपराध का खुलासा किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई लोगों को निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर 1.10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई दो चारपहिया गाड़ियां भी जब्त की हैं।
निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर वसूले लाखों रुपये
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू ने वाहन कारोबार में निवेश कराने और अच्छा लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनसे कई किश्तों में रकम ली। बाद में जमीन बेचकर पैसा लौटाने का आश्वासन देकर भी उनसे अतिरिक्त धन लिया, लेकिन रकम वापस नहीं की।
पूछताछ में खुली करोड़ों की ठगी की परतें
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने लोगों से धोखाधड़ी कर रकम लेने की बात स्वीकार कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की राशि से खरीदी गई लगभग 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहन जब्त कर लिए।
10 से 15 लोगों को बनाया शिकार
जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों को भी इसी तरह निवेश और मुनाफे का झांसा देकर ठगा। अब तक 10 से 15 पीड़ितों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पीड़ित भी सामने आ रहे हैं और उनकी शिकायतों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस जुटी है आगे की जांच में
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोपी से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



