छत्तीसगढ़

2. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में भूमि अधिग्रहण को लेकर हिंसक झड़प, डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल, छावनी में बदला मदननगर धरमपुर क्षेत्र

सूरजपुर: प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदननगर धरमपुर इलाके में भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहे विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लियाकथित आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया. मदननगर में माइंस के सर्वे के लिए कुछ दिन पहले पहुंचे SECL के कर्मियों से भी ग्रामीणों की झड़प हुई थी.

ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प

दरअसल धरमपुर गांव में SECL के नए माइंस के लिए जमीन अधिग्रहण का ग्रामीण कई दिनों से विरोध कर रहे हैं. शुक्रवार सुबह प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ धरमपुर गांव पहंची. गांव में पुलिस बल की भारी तैनाती से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. ​गांव वालों ने इसका विरोध जताया और देखते ही देखते ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की और मारपीट शुरू हो गई.

डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

लाठी डंडों से लैस आक्रोशित ग्रामीणों ग्रामीणों ने पुलिस जवानों पर हमला बोल दिया. अचानक हुए इस हमले से पुलिस बल में अफरा-तफरी मच गई. जिसके बाद पुलिसकर्मियों को लगभग आधा किलोमीटर दौड़कर अपनी जान बचानी पड़ी. जान बचाकर भागने के दौरान मची भगदड़ में कई पुलिसकर्मी जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. कई जवानों को सिर और दूसरी जगह गंभीर चोटें आई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हमले में डीएसपी राजेश जोशी समेत 20 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए. घायल पुलिसकर्मियों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. हालांकि सूरजपुर एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि घटना में 6 पुलिस जवान घायल हुए है.

प्रतापपुर और जिला अस्पताल में घायल जवानों का इलाज

सभी घायलों को तुरंत तत्काल प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना में कई पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए है.

छावनी में बदला धरमपुर गांव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गया हैं. धरमपुर गांव छावनी में बदल गया है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस जवान के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौजूद है. लगभग 30 से ज्यादा सरकारी गाड़ियां खड़ी है. एसईसीएल के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद है.

“पुराने मामले के 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी पुलिस”

इधर सूरजपुर पुलिस अधिकारी का कहना है कि वे किसी अन्य मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंचे थे. लेकिन पुलिस जवानों को देखकर गांव वाले भड़क गए.

पुराने मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी होनी थी इसलिए पुलिस टीम पहुंची थी. ग्रामीणों के विरोध की आशंका पहले से थी, इसलिए हम पूरी तैयारी के साथ आए थे. गिरफ्तारी का विरोध किया तो ग्रामीणों को कुछ दूसरा मामला लगा, और धरना प्रदर्शन और हिंसात्मक व्यवहार किया. हम आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंचे थे, हमारे साथ कोई सर्वे टीम नहीं आई थी –योगेश देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सूरजपुर

वहीं एएसपी ने कहा कि आरोपी घर में नहीं मिले, एक आरोपी पकड़ाया है. ग्रामीणों के उग्र व्यवहार में 6 पुलिसकर्मी घायल हुए है.

ग्रामीणों पर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में पुलिस

फिलहाल पुलिस घटना में शामिल ग्रामीणों की पहचान कर रही है. उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है और हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.

Related Articles

Back to top button