मौसम

8. 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक्टिव रहेगा मानसून, येलो अलर्ट जारी, फिर भी अब तक सामान्य से कम बारिश

रायपुर:   छत्तीसगढ़ में 17 जुलाई से मानसून एक्टिव है और प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश भी हुई है. मौसम विभाग की माने तो साइक्लोनिक सरकुलेशन और द्रोणिका बनी हुई है. जिसके कारण प्रदेश में मानसून आगे भी एक्टिव रहेगा.

5 दिन ऐसा बना रहेगा मौसम

मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ में आने वाले 5 दिनों तक इसी प्रकार के मौसम के बने रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक गायत्रीवाणी कांचीभोटला ने बताया कि सोमवार की स्थिति में दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है.

वहीं उत्तर झारखंड और इससे लगे हुए क्षेत्र में भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके साथ ही एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ से होते हुए गुजर रही है. जिसके प्रभाव से प्रदेश में मानसून एक्टिव है. जिसकी वजह से सोमवार को प्रदेश में और बारिश की संभावना है. उत्तर छत्तीसगढ़ में मुख्य रूप से सरगुजा संभाग और बिलासपुर संभाग के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री

प्रदेश के अधिकतम तापमान के बारे में मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश और मानसून के एक्टिव रहने के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. आने वाले 5 दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से लेकर 30 डिग्री दर्ज किया गया है.

अभी भी सामान्य से कम बारिश

पिछले 3 दिनों के दौरान सबसे ज्यादा बारिश उत्तर छत्तीसगढ़ के साथ ही रायपुर संभाग और दुर्ग संभाग के एक दो स्थानों पर दर्ज की गई है. हालांकि अब भी पूरे प्रदेश में सामान्य से 24% कम बारिश दर्ज की गई है.

1 जून से लेकर 20 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में बारिश से जुड़े आंकड़े

  • अब तक सबसे ज्यादा बारिश बालोद में 337.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
  • जांजगीर चांपा में 469.4 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है.
  • मुंगेली में 468.7 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है.
  • सारंगढ़ बिलाईगढ़ में 524.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
  • प्रदेश के 18 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है.
  • वहीं सामान्य बारिश वाले 11 जिले हैं.
Back to top button