3. पत्नी के प्रेमी की पति ने कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

धमतरी । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह की है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी पर उस वक्त कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जब सभी एक ही कमरे में सो रहे थे.
अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला अंतर्गत दलौदा तहसील के नगरी निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है. शंकर का बाजार कुर्रीडीह की रहने वाली 31 वर्षीय पूर्णिमा सोरी के साथ पिछले करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था.
वह अक्सर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आया करता था. करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा भी अपनी दो बेटियों को लेकर मध्य प्रदेश स्थित शंकर के घर गई थी और वहां कुछ दिन बिताने के बाद वापस लौटी थी.
घटनाक्रम के अनुसार, 8 जुलाई को शंकर सूर्यवंशी एक बार फिर पूर्णिमा से मिलने उसके घर पहुंचा था. रात को खाना खाने के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर सभी एक ही हॉल में सोने चले गए.
इसी दौरान आधी रात को योगेंद्र ने सोते हुए शंकर के गले पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए.
चीख-पुकार मचने के बाद गंभीर रूप से लहुलुहान शंकर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात की भनक लगते ही केरेगांव थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपी योगेंद्र सोरी को सलाखों के पीछे भेज दिया है.



