छत्तीसगढ़

अमन प्रकाश न्यूज़ की खबर का बड़ा असर: वार्ड 54 की अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, निगम ने लगाई तत्काल रोक

बोरियाखुर्द में लगभग 2 एकड़ भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, मुरम रोड काटकर रोका गया रास्ता

रायपुर। वार्ड क्रमांक 54 के बोरियाखुर्द क्षेत्र में कथित अवैध प्लाटिंग को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और अमन प्रकाश न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया। नगर निगम जोन-10 की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 2 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई गई मुरम सड़क को जेसीबी मशीन से काटकर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-10 नगर निवेश विभाग ने जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, उप अभियंता नवीन वर्मा, मनोज साहू एवं नगर निवेश विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

खबर प्रकाशित होने के बाद जागा प्रशासन
गौरतलब है कि अमन प्रकाश न्यूज़ ने वार्ड 54 में चल रही अवैध प्लाटिंग, प्लॉटों की बिक्री और बोरवेल खनन को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। समाचार में यह सवाल उठाया गया था कि जब क्षेत्र में खुलेआम प्लॉट काटे जा रहे हैं और विकास कार्य किए जा रहे हैं, तब जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।
खबर सामने आने के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी।

अवैध सड़क काटकर रोका गया प्रवेश मार्ग
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने पाया कि अवैध प्लाटिंग को विकसित करने के लिए मुरम सड़क का निर्माण किया गया था। जेसीबी मशीन की सहायता से इस सड़क को काटकर मौके तक पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि आगे किसी भी प्रकार की प्लाटिंग गतिविधि संचालित न हो सके।
भूमि स्वामी की तलाश, एफआईआर की तैयारी
नगर निगम जोन-10 नगर निवेश विभाग ने रायपुर तहसीलदार कार्यालय को पत्र भेजकर संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी है। अधिकारियों के अनुसार भूमि स्वामी और अवैध प्लाटिंग करने वालों की पहचान होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
जनहित की पत्रकारिता का असर
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध प्लाटिंग पर रोक नहीं लगती, तो भविष्य में यहां बड़ी संख्या में निर्माण कार्य शुरू हो जाते और प्रशासनिक कार्रवाई जटिल हो जाती। ऐसे में अमन प्रकाश न्यूज़ द्वारा उठाया गया मुद्दा और उसके बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई जनहित पत्रकारिता की एक महत्वपूर्ण मिसाल बनकर सामने आई है।
अब निगाहें अगली कार्रवाई पर
फिलहाल अवैध प्लाटिंग पर प्रारंभिक रोक लगा दी गई है, लेकिन अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या वास्तव में अवैध प्लाटिंग के पूरे नेटवर्क पर कानूनी शिकंजा कसा जाता है।
अमन प्रकाश न्यूज़ की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब जनहित के मुद्दे मजबूती से उठाए जाते हैं, तो प्रशासन को जवाबदेह बनना पड़ता है।

Related Articles

Back to top button