2. 25 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या

सक्ती । छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार दोपहर जोंगरा गांव में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक 25 वर्षीय महिला की उसके घर के भीतर घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा पिछले दो साल से अपनी शादी टूटने के बाद अपने माता-पिता के साथ रह रही थी. वह पहले एक निजी कंपनी में काम करती थी.
शुक्रवार दोपहर जब वह घर का काम कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे. दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे को सफेद कपड़े से ढक रखा था और उनकी बाइक पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं था.
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, बदमाशों ने घर के बाहर आकर आवाज लगाई और पूछा, “पूर्णिमा कहां है?” जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, एक हमलावर ने पिस्तौल निकालकर उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जो पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
गोलियों की आवाज सुनकर परिजन बदहवास हालत में बाहर भागे, जहां पूर्णिमा खून से लथपथ पड़ी हुई थी. आनन-फानन में आपातकालीन सेवा ‘डायल-112’ को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रफुल्ल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं.
हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.



