छत्तीसगढ़

1. डीएसपी को रुपये दोगुना करने का झांसा देकर पांच लाख की ठगी, वकील समेत तीन पर केस दर्ज

रायपुर।   राजधानी में रुपये दोगुना करने का लालच देकर पुलिस अधिकारी से पांच लाख रुपये की ठगी की गई है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वकील नरेश दामोहे और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता पुनदास अंचल वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान पिछले दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी, जिसने खुद को वकील और फाइनेंस का काम करने वाला बताया था।

25 जून को हुई वारदात

शिकायत के मुताबिक 25 जून को नरेश दामोहे ने उन्हें फोन कर कमल विहार स्थित अस्पताल के सामने बुलाया और कहा कि वह उनके पांच लाख रुपये दोगुना कर बैंक खाते में जमा करा देगा। शिकायतकर्ता निर्धारित स्थान पर पांच लाख रुपये लेकर पहुंचे, लेकिन वहां आरोपित ने अपने लोगों के नहीं आने की बात कहकर उन्हें अभनपुर रोड स्थित दूसरे स्थान पर बुलाया। वहां भी काम नहीं होने की बात कहकर रात नौ बजे के बाद मिलने का भरोसा दिया।

कार में रखा था पांच लाख रुपये से भरा सूटकेस

रात करीब नौ बजे आरोपित ने उन्हें नेताजी चौक, कटोरा तालाब बुलाया। वहां नरेश दामोहे अपने दो साथियों के साथ मिला और तीनों शिकायतकर्ता की कार में बैठकर इलेवन ग्राउंड पहुंचे। वहां आरोपित के बुलाने पर तीन अन्य लोग भी पहुंचे और आपस में विवाद करने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने कार में बैठे आरोपितों से कहा कि सूटकेस में पांच लाख रुपये रखे हैं और वे बाहर जाकर विवाद देख रहे हैं। विवाद बढ़ता देख उन्हें आशंका हुई कि उनके साथ भी मारपीट हो सकती है, इसलिए वे वहां से चले गए।

सूटकेस से गायब मिले पांच लाख रुपये

कुछ देर बाद जब वे वापस इलेवन ग्राउंड पहुंचे तो उनकी कार पार्किंग में खड़ी मिली। कार के अंदर मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान सुरक्षित था, लेकिन सूटकेस खोलने पर उसमें रखे पांच लाख रुपये गायब थे। आरोप है कि नरेश दामोहे और उसके साथियों ने सूटकेस से नकदी निकाल ली।

Related Articles

Back to top button