3. धमतरी की बदलेगी तस्वीर, चौपाटी क्रिकेट स्टेडियम समेत सड़कों का चल रहा काम, सौंदर्यीकरण समेत कई कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

धमतरी : धमतरी जिले में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है. शहर को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में कई निर्माण कार्य जारी है.इन विकास कार्यों का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निरीक्षण किया. इस दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, कांटा तालाब चौपाटी, सड़क चौड़ीकरण कार्य और पीजी कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम में विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. कलेक्टर ने विकास कार्यों में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं.
विकास कार्य पूरा होने पर बदलेगा जिले का स्वरुप
कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धमतरी का स्वरूप बदल जाएगा. नागरिकों को बेहतर यातायात, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा. जिला प्रशासन का उद्देश्य धमतरी को एक आधुनिक, आकर्षक और जनसुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना है. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिहावा चौक से कोलियारी और रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा की.
कलेक्टर ने ड्रेनेज व्यवस्था, फुटपाथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से शहर में यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा.
ऑडिटोरियम और चौपाटी का भी लिया जायजा
इसके बाद कलेक्टर निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम पहुंचे. यहां उन्होंने फाल्स सीलिंग, एयर कंडीशनिंग, आधुनिक साउंड सिस्टम, हाईटेक लाइटिंग और दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम तैयार होने के बाद जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों को नया मंच मिलेगा. कलेक्टर ने अक्टूबर तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.कांटा तालाब चौपाटी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाने पर जोर दिया. उन्होंने चौपाटी में बहु-प्रवेश द्वार, व्यवस्थित दुकानें, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, सौंदर्यीकरण और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया. यहां खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप ड्रेसिंग रूम, रेस्ट रूम और किचन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इन सुविधाओं के तैयार होने के बाद स्टेडियम को बीसीसीआई मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा. इससे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण मिलेगा.



