छत्तीसगढ़
2. रायगढ़ इस्पात संयंत्र में बड़ा हादसा, फर्नेस ब्लास्ट से 3 श्रमिक घायल, मौके पर मची अफरा-तफरी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात में हादसा हो गया। यहां फर्नेस ब्लास्ट होने से तीन श्रमिक घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फर्नेस में अधिक मॉइश्चर (नमी) जमा हो जाने के कारण ब्लास्ट हुआ। घटना करीब एक घंटे पहले की बताई जा रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक तीनों घायल श्रमिक झुलस गए हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी अपेक्स अस्पताल पहुंच गए हैं तथा घायलों के उपचार की निगरानी कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



