रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 6 में 2007 की राजस्व रिकॉर्ड फाइल गायब, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 6 के अंतर्गत राजस्व विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2007 की एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड फाइल एवं राजस्व डायरी विभागीय अभिलेखों से गायब बताई जा रही है। मामले ने नगर निगम की रिकॉर्ड सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय जवाबदेही पर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार संबंधित क्षेत्र की जानकारी प्राप्त करने के लिए जब राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) से वर्ष 2007 के रिकॉर्ड की मांग की गई, तब उनके द्वारा बताया गया कि उक्त फाइल उपलब्ध नहीं है। मामले की जानकारी तत्काल राजस्व अधिकारी को दी गई, जिसके बाद उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को तलब किया और रिकॉर्ड के संबंध में जानकारी मांगी।
बताया जाता है कि राजस्व अधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से पूछा गया कि यदि रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध नहीं है तो वह कहां है और उसकी जिम्मेदारी किसकी है। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जा सका।

इसके बाद राजस्व अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को मामले की पूरी जानकारी जुटाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि नगर निगम के विभिन्न जोनों और विभागों से समय-समय पर रिकॉर्ड फाइलों एवं सरकारी दस्तावेजों के गायब होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में जोन क्रमांक 6 के राजस्व विभाग से एक क्षेत्र विशेष की रिकॉर्ड डायरी और फाइल का गायब होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि आखिर महत्वपूर्ण सरकारी रिकॉर्ड गायब कैसे हो रहे हैं? क्या यह लापरवाही का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? यदि रिकॉर्ड वास्तव में गायब है तो उसकी जवाबदेही किस अधिकारी या कर्मचारी की तय की जाएगी?
अब निगाहें जोन कमिश्नर और नगर निगम प्रशासन पर टिकी हुई हैं। क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी? क्या दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी? या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?
इन तमाम सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आ सकते हैं। “स्थित समाचार” इस पूरे प्रकरण पर लगातार नजर बनाए हुए है। मामले से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बयान तथा जांच से संबंधित हर महत्वपूर्ण जानकारी पाठकों तक पहुंचाई जाएगी।




