
भुवनेश्वर। राज्य में बढ़ती ईंधन समस्या के बीच एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कटक से भुवनेश्वर ले जाए जा रहे एक गंभीर मरीज की एंबुलेंस बीच रास्ते में बंद हो गई, क्योंकि उसमें पेट्रोल खत्म हो चुका था। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मरीज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्था की पोल खोल दी है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रापड़ा जिले के एक युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे पहले कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि मरीज को एंबुलेंस से भुवनेश्वर ले जाया जा रहा था, तभी काठजोड़ी नदी पुल के पास वाहन अचानक रुक गया। जांच करने पर पता चला कि एंबुलेंस में पेट्रोल ही खत्म हो गया था। काफी देर तक दूसरी व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे मरीज की हालत और बिगड़ गई और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि एंबुलेंस में पर्याप्त ईंधन होता और मरीज समय पर अस्पताल पहुंच जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।




