सबसे ज्यादा ‘भारत यात्री’ उत्तर प्रदेश से, कांग्रेस का मोह अभी खत्म नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश के सबसे खराब चुनावी हार के बाद राज्यसभा का पहला चुनाव आया तो कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के तीन नेताओं को उच्च सदन में भेजा, वह भी अलग अलग राज्यों से।

एम.डी. आरिफ की कलम से…….
रायपुर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ 117 लोग लगातार चलेंगे। इनके अलावा रास्ते में प्रदेश कमेटियों के लोग जुड़ते जाएंगे। जो लोग राहुल गांधी के साथ लगातार चलेंगे उनको भारत यात्री कहा गया है। कांग्रेस ने देश के सभी राज्यों से भारत यात्रियों का चयन किया है। उनमें सबसे ज्यादा भारत यात्री उत्तर प्रदेश से चुने गए हैं। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश से 15 भारत यात्री चुने हैं। सोचें, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति सबसे खराब है। वहां पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सिर्फ दो सीट जीत पाई, जो उसका अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। उसे दो फीसदी से थोड़े ज्यादा वोट मिले।
लेकिन ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस का उत्तर प्रदेश का मोह अभी खत्म नहीं हुआ है।

उत्तर प्रदेश के सबसे खराब चुनावी हार के बाद राज्यसभा का पहला चुनाव आया तो कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के तीन नेताओं को उच्च सदन में भेजा, वह भी अलग अलग राज्यों से। जिस राज्य में कांग्रेस के सिर्फ दो विधायक हैं, उसके तीन राज्यसभा सांसद हैं। कांग्रेस ने प्रमोद तिवारी को राजस्थान से, राजीव शुक्ला को छत्तीसगढ़ से और इमरान प्रतापगढ़ी को महाराष्ट्र से राज्यसभा में भेजा। अब भारत जोड़ो यात्रा में सबसे ज्यादा 15 लोग उत्तर प्रदेश से चुने गए हैं। हालांकि इसका कांग्रेस को क्या फायदा होगा, यह नहीं कहा जा सकता है। उतर प्रदेश में चुनाव हारने के बाद छह महीने में पार्टी संगठन के बारे में कोई फैसला नहीं कर पाई है।



