नगर निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों पर महापौर से मुलाकात, जल्द समाधान का मिला आश्वासन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे और निगम कमिश्नर विश्वदीप से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। चर्चा के समय नगर निगम एमआईसी सदस्य (नगर निवेश) मनोज वर्मा भी उपस्थित रहे।
संघ लंबे समय से कर्मचारियों से जुड़ी कई अहम मांगें उठाता आ रहा है। इनमें प्रमुख रूप से पुरानी पेंशन योजना को शासन के निर्देशानुसार रायपुर नगर निगम में तत्काल लागू करना, विभागीय सेटअप को कर्मचारी हित में शीघ्र अंतिम रूप देना, योग्यता के आधार पर पदोन्नति प्रदान करना तथा रिक्त पदों को नियमानुसार भरना शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 1 करोड़ रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना का स्टेट बैंक के माध्यम से जल्द लाभ दिलाने, प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन की चारों श्रम संहिताओं का लाभ देने और उनके नियमितीकरण की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे और निगम कमिश्नर विश्वदीप ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए इन पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के पदाधिकारी चंद्रशेखर तिवारी और उमेश मुदलियार, संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जूनियर) सहित मोहित कुमार दर्रो, श्याम सोनी, विजय शर्मा, मनीष भोई, अमित बेहरा, श्रीमती स्वाति शुक्ला, श्रीमती स्वाति साहू, श्रीमती माया वर्मा और श्रीमती वंदना जाधव शामिल रहे।



