छत्तीसगढ़

1. हाईवे पर चाकू दिखाकर लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस ने 3 किमी पीछा कर आरोपी दबोचा

रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चाकू के दम पर लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित हाईवे की है, जहां एक युवक ने वाहन चालक को डराकर पैसे लूटने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, गणेश कुमार चंद्राकर हाईवे किनारे अपनी पिकअप खड़ी कर खाना खा रहे थे। इसी दौरान आरोपी सागर रजक वहां पहुंचा और चाकू दिखाकर उन्हें धमकाने लगा। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और विरोध करने पर हमला करने की कोशिश की।

इसी बीच गश्त पर निकली पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। अंधेरे के बावजूद करीब 3 किलोमीटर तक पीछा कर आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ लूट के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका है और उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button