7. कैफे में युवतियों को फ्लाइंग किस कर अश्लील हरकतें कीं, अपहरण की धमकी दी, विरोध करने पर भाइयों पर किया हमला

रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन स्थित कैफे लाइट में शुक्रवार की रात जन्मदिन मनाने पहुंचीं युवतियों के साथ तीन बदमाशों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपितों ने युवतियों के भाइयों पर कुर्सियों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जीआरपी ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे वे परिवार के साथ केक काटने के बाद खाना खाने कैफे पहुंचे थे। तभी वहां मौजूद नशे में धुत तीन बदमाशों ने युवतियों पर आपत्तिजनक कमेंट किए और फ्लाइंग किस कर अश्लील हरकतें करने लगे।
कैफे की कुर्सियां उठाकर मारना शुरू कर दिया
आरोपित उनके टेबल के पास आकर बैठने लगे और उनके अपहरण तक की बात कह डाली। जब युवती के भाइयों ने आरोपितों को मना किया, तो बदमाशों ने कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपितों ने कैफे की कुर्सियां उठाकर मारना शुरू कर दिया।
आरपीएफ ने युवतियों को कार तक सुरक्षित छोड़ा
घटना के बाद युवतियां आरपीएफ के पास पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। आरपीएफ ने युवतियों को कार तक सुरक्षित छोड़ा। शनिवार शाम को मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला गरमाया, जिसके बाद रविवार को दोनों पक्ष जीआरपी थाना पहुंचे।
दोनों पक्षों ने रविवार को थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवतियों की ओर से तीन युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल कैफे में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके।
– भूपेश राठौर, प्रभारी, जीआरपी थाना



