2. रायपुर में चलती सूमो ग्रांड बनी आग का गोला, बाल-बाल बची जान

रायपुर. राजधानी रायपुर में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. रिंग रोड पर अग्रसेन चौक के पास चलती सूमो ग्रांड वाहन में अचानक आग लग गई. आग लगते ही वाहन से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि सूमो ग्रांड झारखंड नंबर की थी. वाहन में झारखंड के 4 से 5 लोग सवार थे. चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया. सूमो ग्रांड पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई. सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.



