छत्तीसगढ़

1. दीवार में छेद कर गोदाम में घुसे चोर! 24 क्विंटल धान चोरी, तीन आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र में स्थित एफसीआई गोदाम से धान चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गोदाम की दीवार में सेंध लगाकर बड़ी मात्रा में धान की बोरियां चोरी की थीं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

दीवार में सेंध लगाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार एफसीआई गोदाम में करीब 3500 बोरी धान रखा हुआ था, जिनमें प्रत्येक बोरी में लगभग 40 किलो धान भरा था। निरीक्षण के दौरान गोदाम की जांच में करीब 60 बोरी धान गायब मिली। जांच में सामने आया कि 6 मार्च की रात से 8 मार्च के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं।

24 क्विंटल धान चोरी, 74 हजार से अधिक की कीमत

चोरी किए गए धान का वजन करीब 24 क्विंटल बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 74 हजार 400 रुपये आंकी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धरसींवा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दुकानदार की सूचना से मिला सुराग

जांच के दौरान ग्राम परसतराई के एक दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी कि साबीर खान नाम का युवक अपने साथियों के साथ धान बेचने के लिए उसकी दुकान पर आया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने साबीर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में खुला चोरी का राज

पूछताछ में साबीर खान ने अपने साथियों अमान खान, इरफान खान और एक अन्य युवक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि 6 मार्च की रात करीब 11 बजे उन्होंने एफसीआई गोदाम की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 50 से 60 बोरी धान निकालकर चोरी कर ली।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 9 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में साबीर खान (25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7 बिजली ऑफिस के पास धरसींवा, अमान खान (20 वर्ष), निवासी नुरानी चौक पुराना शासकीय अस्पताल के सामने धरसींवा तथा इरफान खान (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7 मंडी के सामने धरसींवा शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button