छत्तीसगढ़

2. रायपुर-महासमुंद रोड पर भीषण हादसा : तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, 2 सगे भाइयों समेत 3 की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे रायपुर–महासमुंद मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आरंग थाना क्षेत्र में आरंग नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टाटा विस्टा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

तेज रफ्तार में थी गाड़ी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में चार युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन काफी तेज गति में था। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू सतनामी के रूप में हुई है। इनमें हर्ष और राहुल सगे भाई बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच थी। हादसे में मिथलेश धीवर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button