10. धमतरी के स्टेशनपारा बस्ती में घर में लगी भीषण आग, मजदूरी करने वाला परिवार बेघर, मेयर मौके पर पहुंचे

धमतरी: शहर के स्टेशनपारा इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक गरीब परिवार का खपरैल वाला घर अचानक आग की चपेट में आ गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घर में रखा खाने-पीने का सामान, कपड़े और जरूरी दस्तावेज तक नहीं बच पाए.
मजदूरी कर जीवन चलाने वाला परिवार बेघर
स्टेशनपारा निवासी पूर्णिमा नागरची अपने बेटे अमन नागरची के साथ इस घर में रहती थीं. वह रोज मजदूरी कर घर चलाती हैं. घटना के समय अमन घर पर मौजूद नहीं था. अचानक आग लगने से कुछ ही मिनटों में पूरा घर जल गया.
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की. इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था. सुरक्षा के लिए इलाके की बिजली लाइन भी काट दी गई थी.
दस्तावेज और राशन सब जल गया
पीड़ित अमन नागरची ने बताया कि घर में रखा राशन कार्ड, जरूरी कागजात, कपड़े और खाने का सारा सामान जल गया है. अब परिवार के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. उन्होंने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
जनप्रतिनिधि पहुंचे, मदद का आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशनपारा के पार्षद रामेश्वर वर्मा और नगर निगम के महापौर रामू रोहरा मौके पर पहुंचे. महापौर ने पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी और प्रशासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया. साथ ही, परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने की बात भी कही.



