छत्तीसगढ़

10. बलौदाबाजार हिंसा केस: अमित बघेल और अजय यादव फिर गिरफ्तार, जांच तेज, 200 से ज्यादा आरोपी हिरासत में

बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 10 जून 2024 को हुई बहुचर्चित हिंसा और आगजनी की घटना में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल और छत्तीसगढ़ जोहर पार्टी के अध्यक्ष अजय यादव को एक बार फिर गिरफ्तार किया गया है।

ट्रांजिट रिमांड पर कोर्ट में पेश:

बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 279/2024 और 280/2024 के तहत दर्ज मामलों में अमित बघेल को सेंट्रल जेल रायपुर से शाम करीब 4 बजे ट्रांजिट रिमांड पर लाकर जिला सत्र न्यायालय में पेश किया। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पुनः केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। वहीं, इसी मामले में जोहर पार्टी प्रमुख अजय यादव को उप जेल बलौदाबाजार से अदालत में पेश किया गया। दोनों नेताओं की गिरफ्तारी से मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

अब तक 13 FIR, 200 से अधिक गिरफ्तार:

बलौदाबाजार हिंसा और आगजनी मामले को लेकर पुलिस अब तक 13 अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर चुकी है। जांच के दौरान करीब 200 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, मोबाइल डेटा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच एजेंसियों के संकेत: और खुलासे संभव:

जांच एजेंसियों का दावा है कि यह मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है। आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं, साथ ही नए आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

पुलिस की सख्त निगरानी:

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरे मामले पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। बलौदाबाजार हिंसा केस को राज्य की सबसे संवेदनशील घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिस पर सरकार और सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रखे हुए हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button