छत्तीसगढ़

5. सोशल मीडिया पर फोटो डाली और पकड़ी गई नौकरानी, दुर्ग में 20 लाख की चोरी का खुलासा

दुर्ग.   छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. पुलिस को राहुल जैन ने बताया कि करीब 20 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए हैं. चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया. पुलिस ने राहुल जैन के घर पर काम करने वाली नौकरानी कविता देशलहरे को गिरफ्तार कर लिया. कविता के पास से सोने और हीरे के गहने बरामद हो गए हैं. उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है. पु‍लिस ने बताया कि इस चोरी का खुलासा सोशल मी‍डिया पर पोस्‍ट की गई एक फोटो से हुआ है. इस फोटो में नौकरानी लाखों के गहने पहने नजर आई थी.
पुलिस अफसर ने बताया कि दुर्ग पुलिस को जांच के दौरान सोशल मीडिया पर अपलोड की गई एक तस्वीर हाथ लगी. तस्वीर में एक घरेलू नौकरानी लाखों रुपये के सोने और हीरे के जेवर पहनकर गर्व से पोज देती नजर आ रही थी. यही फोटो पूरे केस का टर्निंग प्वाइंट बन गई. पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी को पुलिस की तेज नजर और तकनीकी मॉनिटरिंग ने 24 घंटे से भी कम समय में पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस के मुताबिक, जिस महिला पर किसी को शक नहीं था, वही इस चोरी की मास्टरमाइंड निकली. एक फोटो, कुछ लाइक्स और सोशल मीडिया पर दिखावटी शान ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
कैसे सामने आई चोरी की शिकायत
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र निवासी राहुल जैन ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके घर से सोने और हीरे के कीमती आभूषण अचानक गायब हो गए हैं. प्रारंभिक जांच में घर में जबरन घुसपैठ के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले. इससे पुलिस का शक घर के अंदर काम करने वाले लोगों पर गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर जांच शुरू की.
सोशल मीडिया फोटो बना सबसे बड़ा सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी इनपुट के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी शुरू की. इसी दौरान एक फोटो सामने आई, जिसमें घरेलू काम करने वाली महिला वही जेवर पहने दिख रही थी, जिनके चोरी होने की शिकायत की गई थी. जेवरों का मिलान पीड़ित द्वारा दिए गए विवरण से किया गया, जो पूरी तरह मेल खा गया. यहीं से पुलिस को पुख्ता सुराग मिल गया.
आरोपी महिला की पहचान और कबूलनामा
पूछताछ के बाद आरोपी महिला की पहचान कविता देशलहरे उम्र 36 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई के रूप में हुई. पुलिस के सामने सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने चोरी करना स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि घर की दिनचर्या और अलमारी की जानकारी होने का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button