1. मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणा, ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को मिलेंगे 3 करोड़ रुपए, जाने रजत और कांस्य पदक जीते वालो को कितना पुरुस्कार राशि मिलेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्य के खेल अलंकरण समारोह में एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया है।
यह घोषणा राज्य के खेल जगत में एक नई ऊर्जा का संचार करेगी और आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों को हर संभव मदद प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हम खेल प्रतिभाओं को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अच्छी अधोसंरचना तथा प्रशिक्षण के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को निखारेंगे ताकि हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और भी बढ़िया प्रदर्खेशन कर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में राज्य में राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन नहीं हुआ। हमारी सरकार ने खिलाड़ियों की पीड़ा महसूस की और राज्य खेल अलंकरण समारोह पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया। इस वर्ष दो बार खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पहला अलंकरण समारोह इसी साल 14 अगस्त को आयोजित किया गया। इसमें वर्ष 2019-20 तथा वर्ष 2020-21 के लिए 133 खिलाड़ियों को 01 करोड़ 41 लाख रूपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार आज राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर वर्ष 2021-22 तथा वर्ष 2022-23 के खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित कर रहे हैं। साथ ही हम राष्ट्रीय चैम्पियनशिप वर्ष 2021-22 तथा वर्ष 2022-23 के विजेता खिलाड़ियों का भी सम्मान कर रहे है। आज इस समारोह में 01 करोड़ 36 लाख रूपए की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को प्रदान की गई हैं।



