छत्तीसगढ़

4. बिजली की तरह अब पानी का भी मीटर, जितना उपयोग उतना बिल करना होगा जमा

जगदलपुर.  नगर निगम की तरफ से अमृत मिशन के नोडल अधिकारी एसबी शर्मा ने बताया कि योजना के तहत शहर के वार्डों को चार जोन में बांटकर काम किया जा रहा है। एक जोन का काम लगभग पूरा हो चुका है। जहां काम पूरा हुआ है उनमें शांतिनगर, राजीव गांधी वार्ड, बलीराम कश्यप वार्ड, संजय गांधी वार्ड समेत अन्य वार्ड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर तक मीटर लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पानी सप्लाई की पहली टेस्टिंग होगी। सब कुछ ठीक रहा तो फिर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। योजना का काम देख रही एजेंसी ने पहले चरण का काम पूरा कर लिया गया है। एजेंसी के मुताबिक जिन वार्डों का काम अभी पूरा हुआ है उन्हें पहले चरण में इसलिए रखा गया क्योंकि वहां चुनौतियां ज्यादा थीं। संकरी गलियों और ऊंचाई वाले इलाकों में काम करना मुश्किल था। इसलिए पहले चरण में ऐसे ही वार्डों का काम पूरा किया गया है।

शहर के लोगों को अब बिजली बिल की तरह पानी का बिल भी अदा करना होगा। दरअसल शहर में अमृत मिशन के तहत पेयजल सप्लाई का काम जिन वार्डों में पूरा हो चुका है वहां पर मीटर लगाने का काम चल रहा है। पहले इस योजना के तहत लोगों के घर तक नया कनेक्शन पहुंचाया गया और अब मीटर लगाए जा रहे हैं। हालांकि कई वार्ड में आधा अधूरा पाइप लाइन बिछाए जाने की भी शिकायत आई है। जहां अमृत मिशन का काम पूरा वहां के घरों में नया नल कनेक्शन देने के साथ मीटर लगाए जा रहे।

शहर में 250 किमी के दायरे में बिछाई जा रही पाइप, अभी 40 फीसदी काम बाकी
योजना के नोडल अधिकारी एसबी शर्मा ने बताया कि एक जोन का काम ही पूरा हो पाया है। तीन जोन का काम बाकी है। उन्होंने बताया कि जहां का काम बाकी है वहां कुछ जगहों पर पाइप लाइन का काम हो चुका है तो कहीं पर अभी यह काम शुरू होना बाकी है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में 250 किमी के दायरे में पाइप लाइन बिछाई जा रही है। लंबे वक्त तक काम देख रही एजेंसी को पाइप की सप्लाई नहीं मिल पा रही थी इसलिए काम पिछड़ गया था लेकिन अब पर्याप्त संख्या में पाइप उपलब्ध है। इसलिए 2023 में बारिश से पहले शहर के सभी 48 वार्डों तक अमृत मिशन का पानी पहुंचने लगेगा।

टंकी से सप्लाई को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया: शहर के अधिकांश वार्डों में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि पानी की सप्लाई टंकी से होगी। अब तक ज्यादातर वार्डों में बोर के पानी की ही सप्लाई होती रही है लेकिन अब बोर के पानी को टंकी में स्टोर कर सप्लाई की जाएगी। इसे लेकर लोगों के बीच से मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि बोर से उनके घर तक सीधे पानी पहुंचता था लेकिन अब टंकी में स्टोर कर पानी दिया जाएगा ऐसे में पानी की गुणवत्ता से उन्हें समझौता करना पड़ सकता है। इस पर निगम के जिम्मेदार कहते हैं कि अमृत मिशन योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों के घर तक पर्याप्त पानी पहुंचाना है। साथ ही लोगों को शुद्ध पानी मिले यह भी सुनिश्चित किया जाएगा। पानी की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

शहर के लोगों को अब तक पानी के बिल का भुगतान एक निश्चित राशि के रूप में करना पड़ता था। एपीएल वर्ग के लिए यह राशि 200 और बीपीएल वर्ग के लिए 150 रुपए थी लेकिन अब मीटर से रीडिंग होने के बाद इस तय राशि से ज्यादा का भुगतान करना पड़ेगा। हालांकि यह राशि ज्यादा नहीं होगी ऐसा निगम के जिम्मेदारों का कहना है लेकिन माना जा रहा है कि लगभग 100 रुपए का अतिरिक्त भार लोगों पर बिल के रूप में आएगा। जिन वार्डों में पानी की समस्या नहीं है वहां पर निगम 24 घंटे सप्लाई करने भी विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो लोग जितना उपयोग करेंगे उतना बिल अदा करना होगा।

 

Related Articles

Back to top button